महमूरगंज में रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहा था अवैध हुक्काबार, पुलिस ने की छापेमारी, 5 गिरफ्तार

वाराणसी। सिगरा थाना क्षेत्र के महमूरगंज इलाके में एक रेस्टोरेंट की आड़ में चल रहे हुक्का बार में पुलिस ने शनिवार की शाम छापेमारी की। एसीपी के नेतृत्व में हुई इस छापेमारी में पुलिस ने मौके से 5 लोगों को गिरफ्तार किया। मौके से नशे की सामग्रियां भी बरामद की गई हैं। पुलिस रेस्टोरेंट संचालक से पूछताछ कर रही है।
महमूरगंज स्थित आकाशवाणी केंद्र के पास संचालित एक रेस्टोरेंट में अवैध हुक्काबार की शिकायत पुलिस को मिली थी। इस पर पुलिस अलर्ट हो गई। एसीपी चेतगंज गौरव कुमार के नेतृत्व में पुलिस टीम ने छापेमारी की। पुलिस की छापेमारी से हड़कंप मच गया। पुलिस ने मौके से पांच लोगों को पकड़ा।
पुलिस को मौके से नशीले पदार्थ बरामद हुए हैं। इससे स्पष्ट है कि रेस्टोरेंट की आड़ में नशीली हुक्का सामग्रियों का प्रयोग कर युवाओं को एकत्रित किया जाता था। रेस्टोरेंट को नशे का अड्डा बनाया गया था। पुलिस को मौके से हुक्का, फ्लेवर, पाइप्स और नशे से संबंधित सामग्री बरामद हुई है। एसीपी ने बताया कि हुक्काबार किसी भी रूप में प्रतिबंधित है। पहले भी रेस्टोरेंट में छापेमारी की गई थी। उस दौरान कुछ नहीं मिला था, लेकिन शनिवार की रात छापेमारी के दौरान हुक्का, चीलम, तंबाकू आदि मिला।