वाराणसी में दीपावली से पहले अवैध पटाखों का कारोबार, एसओजी और पुलिस ने सिंधोरा में अवैध पटाखा फैक्ट्री का किया भंडाफोड़, 501.5 किलो पटाखा बरामद, कारोबारी गिरफ्तार
वाराणसी। दीपावली से पहले अवैध पटाखों के निर्माण और भंडारण के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। टीम ने सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में छापेमारी कर अवैध रूप से बनाए जा रहे पटाखों के कारोबार का भंडाफोड़ किया। मौके से 501.5 किलोग्राम निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे बरामद करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया। बरामद सामग्री में फूलझड़ी, रॉकेट, बुलेट बम, सुतली बम, मिर्ची बम और चकरी के साथ पटाखा बनाने में इस्तेमाल होने वाला बारूद और अन्य सामग्री शामिल है।
पुलिस के अनुसार, दो नवंबर को मुखबिर से सूचना मिली कि सिंधोरा बाजार स्थित एक मकान में अवैध रूप से पटाखों का निर्माण और भंडारण किया जा रहा है। सूचना पर थानाध्यक्ष पंकज कुमार पाण्डेय के नेतृत्व में पुलिस और एसओजी-02 की संयुक्त टीम ने मकान पर दबिश दी। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में निर्मित और अर्धनिर्मित पटाखे तथा निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री बरामद हुई।
मौके पर मौजूद रफीक (45) पुत्र स्वर्गीय मजहर निवासी सिंधोरा बाजार से पटाखा निर्माण और भंडारण का लाइसेंस मांगा गया, लेकिन वह कोई वैध अनुज्ञप्ति नहीं दिखा सका। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। बरामद विस्फोटक सामग्री को कब्जे में लेकर फॉरेंसिक फील्ड यूनिट से वैज्ञानिक नमूने भी संकलित कराए गए।
दुकानों पर बेचने की थी तैयारी
पुलिस की पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह अधिक पैसे कमाने के उद्देश्य से पटाखे तैयार कर दुकानों पर बेचना चाहता था। इसके लिए उसने मकान में पटाखों का निर्माण और भंडारण कर रखा था। उसके पास इसके लिए कोई वैध लाइसेंस नहीं था।
बारूद और निर्माण उपकरण भी बरामद
छापेमारी में पटाखों के अलावा बारूद, शोरा, गंधक, चारकोल, एल्युमिनियम पाउडर और अन्य सामग्री मिली। पटाखे बनाने तथा उनमें बारूद भरने के लिए इस्तेमाल होने वाले उपकरण भी बरामद किए गए। पुलिस ने इस मामले में सिंधोरा थाने में मुकदमा अपराध संख्या 0197/2026 के तहत विस्फोटक अधिनियम की धारा 5/9बी(1)(ए)(बी) और बीएनएस की धारा 288 में मुकदमा दर्ज किया है। आरोपी के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। कार्रवाई में थानाध्यक्ष पंकज कुमार पाण्डेय, उपनिरीक्षक रोशन सिंह, कौशल किशोर, महिला उपनिरीक्षक दीप्ति शर्मा सहित सिंधोरा पुलिस और एसओजी-02 प्रभारी पंकज सिंह चौहान के नेतृत्व वाली टीम शामिल रही।

