IIT BHU के प्रो. श्याम कमल पोलिश विज्ञान अकादमी के विदेशी सदस्य निर्वाचित, विश्व स्तर पर अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान पर मिला सम्मान
वाराणसी। आईआईटी बीएचयू को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। संस्थान के विद्युत अभियांत्रिकी विभाग के वरिष्ठ प्रोफेसर प्रो. श्याम कमल को पोलैंड की प्रतिष्ठित पोलिश विज्ञान अकादमी (Polska Akademia Nauk – PAN) का विदेशी सदस्य (Foreign Member) चुना गया है। यह सम्मान विश्व स्तर पर विज्ञान और अनुसंधान के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले चुनिंदा वैज्ञानिकों को प्रदान किया जाता है और इसे पोलैंड के सर्वोच्च वैज्ञानिक सम्मानों में गिना जाता है।
प्रो. श्याम कमल का चयन पोलिश विज्ञान अकादमी की महासभा द्वारा उनके उत्कृष्ट वैज्ञानिक अनुसंधान, उल्लेखनीय शैक्षणिक उपलब्धियों और अंतरराष्ट्रीय वैज्ञानिक सहयोग को बढ़ावा देने में दिए गए महत्वपूर्ण योगदान के आधार पर किया गया है। उनके शोध कार्यों ने न केवल वैज्ञानिक समुदाय में नई दिशा प्रदान की है, बल्कि वैश्विक स्तर पर भारतीय शोध क्षमता को भी नई पहचान दिलाई है।
पोलिश विज्ञान अकादमी के अध्यक्ष प्रो. मारेक कोनार्जेव्स्की ने आधिकारिक पत्र भेजकर प्रो. श्याम कमल को इस प्रतिष्ठित उपलब्धि पर बधाई दी है। उन्होंने उन्हें इस वर्ष के अंत में पोलैंड की राजधानी वारसॉ स्थित अकादमी मुख्यालय में आयोजित विशेष समारोह में विदेशी सदस्यता का प्रमाण-पत्र ग्रहण करने के लिए आमंत्रित किया है। अकादमी ने विश्वास जताया है कि उनकी सदस्यता भारत और पोलैंड के बीच वैज्ञानिक अनुसंधान, नवाचार और शैक्षणिक सहयोग को और अधिक मजबूती प्रदान करेगी।
इस उपलब्धि पर आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने प्रो. श्याम कमल को हार्दिक बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान केवल एक वैज्ञानिक की व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं, बल्कि पूरे संस्थान के लिए गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि प्रो. श्याम कमल की शोध उत्कृष्टता, नवाचार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उनकी पहचान आईआईटी (बीएचयू) की वैश्विक शैक्षणिक प्रतिष्ठा को और सशक्त बनाएगी।
उन्होंने यह भी कहा कि संस्थान लगातार उच्च गुणवत्ता वाले अनुसंधान, वैश्विक सहयोग और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध है। प्रो. श्याम कमल का यह सम्मान उसी दिशा में आईआईटी (बीएचयू) की बढ़ती अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रमाण है। पोलिश विज्ञान अकादमी की विदेशी सदस्यता प्राप्त करना किसी भी वैज्ञानिक के लिए अत्यंत प्रतिष्ठित उपलब्धि मानी जाती है। प्रो. श्याम कमल का इस सम्मान के लिए चयन न केवल आईआईटी (बीएचयू) बल्कि पूरे देश के वैज्ञानिक समुदाय के लिए गौरव का विषय है और यह भारतीय विज्ञान एवं अनुसंधान की वैश्विक स्वीकार्यता को भी रेखांकित करता है।

