IIT-BHU में स्वास्थ्य सेवाओं में AI के इस्तेमाल पर होगा मंथन, ‘AI फॉर हेल्थकेयर एंड असिस्टिव टेक्नोलॉजीज’ कॉन्क्लेव में जुटेंगे विशेषज्ञ
दिव्यांगजनों और वंचित समुदायों के लिए तकनीकी समाधान विकसित करने पर होगी चर्चा
CIIE और STPI की संयुक्त पहल, स्वास्थ्य सेवा में कृत्रिम बुद्धिमत्ता, सुलभ उपचार और समावेशी तकनीक को मिलेगा बढ़ावा
वाराणसी। स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक सुलभ, किफायती और प्रभावी बनाने में कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) की भूमिका पर चर्चा के लिए शनिवार, 17 अक्टूबर को भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिंदू विश्वविद्यालय), वाराणसी में राष्ट्रीय स्तर का कॉन्क्लेव आयोजित किया जाएगा। आईआईटी (बीएचयू) के नवोन्मेष, अभिपोषण एवं उद्यमिता केंद्र (CIIE) की ओर से सॉफ्टवेयर टेक्नोलॉजी पार्क्स ऑफ इंडिया (STPI) के सहयोग से ‘कॉन्क्लेव ऑन AI फॉर हेल्थकेयर एंड असिस्टिव टेक्नोलॉजीज’ का आयोजन किया जा रहा है। कार्यक्रम संस्थान के CIIE स्थित ई-हॉल में होगा।
CIIE के समन्वयक प्रो. एमके मेश्राम के नेतृत्व में आयोजित इस कॉन्क्लेव का उद्देश्य स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र की चुनौतियों के समाधान के लिए तकनीकी नवाचार को बढ़ावा देना है। इसमें नीति-निर्माता, शिक्षाविद, स्वास्थ्य विशेषज्ञ, उद्योग प्रतिनिधि, प्रौद्योगिकी विशेषज्ञ और स्टार्टअप संस्थापक एक मंच पर विचार साझा करेंगे।
स्वास्थ्य सेवाओं में एआई की संभावनाओं पर चर्चा
कॉन्क्लेव में स्वास्थ्य सेवाओं तक लोगों की पहुंच बेहतर बनाने, एआई आधारित तकनीकों के प्रभावी उपयोग और किफायती चिकित्सा समाधानों के विकास पर चर्चा होगी। इसके साथ ही ऐसी सहायक प्रौद्योगिकियों पर भी विचार किया जाएगा, जो दिव्यांगजनों और वंचित समुदायों के लिए स्वास्थ्य सेवाओं तथा दैनिक जीवन को अधिक सुगम बना सकें।
कार्यक्रम में IMS-BHU के ऑन्कोलॉजी विभाग की प्रोफेसर डॉ. मल्लिका तिवारी, IMS-BHU के निदेशक प्रो. एसएन शंखवार और आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा के संबोधन प्रस्तावित हैं। इसके अलावा उत्तर प्रदेश सरकार के आईटी एवं इलेक्ट्रॉनिक्स विभाग के अंतर्गत उत्तर प्रदेश स्टार्टअप मिशन के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सुमित महाजन, STPI के महानिदेशक अरविंद कुमार, इलेक्ट्रॉनिकी और सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय के संयुक्त सचिव के. के. सिंह तथा मंत्रालय के सचिव एस. कृष्णन के भी कार्यक्रम में विचार व्यक्त करने का प्रस्ताव है।
‘एआई से नागरिकों को सशक्त बनाने’ पर पैनल चर्चा
कॉन्क्लेव का प्रमुख आकर्षण ‘AI के माध्यम से नागरिकों को सशक्त बनाना: स्वास्थ्य, समावेशन एवं कल्याण’ विषय पर पैनल चर्चा होगी। इसमें स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता बढ़ाने, एआई के व्यावहारिक इस्तेमाल और समावेशी तकनीकों के विकास से जुड़ी संभावनाओं एवं चुनौतियों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
शोध और स्टार्टअप को मिलेगा प्रोत्साहन
इस पहल का उद्देश्य शोधकर्ताओं, विद्यार्थियों, नवाचारकर्ताओं और उभरते उद्यमियों को स्वास्थ्य सेवा एवं सहायक तकनीक के क्षेत्र में उपयोगी और व्यापक स्तर पर लागू किए जा सकने वाले समाधान विकसित करने के लिए प्रोत्साहित करना है। आयोजकों के अनुसार, कॉन्क्लेव से अनुसंधान, नीतिगत सहयोग, नवाचार और उद्यमिता के बीच समन्वय मजबूत करने में मदद मिलेगी।

