IIT BHU में AI से B.Tech, 2-3 साल में तैयार होगी नई व्यवस्था 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आईआईटी बीएचयू में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) ब्रांच से बीटेक की पढ़ाई होगी। संस्थान प्रशासन के अनुसार एआई का अलग विभाग बनाने की तैयारी चल रही है और अगले दो से तीन वर्षों में 18वीं ब्रांच तथा 16वें विभाग के लिए नई व्यवस्था तैयार कर ली जाएगी।

वर्तमान में संस्थान में 17 ब्रांच और 15 विभाग संचालित हैं। एआई के बढ़ते महत्व को देखते हुए इसे स्वतंत्र विभाग का स्वरूप देने की दिशा में काम हो रहा है। अधिकारियों के मुताबिक पहले से संचालित एआई बीटेक कार्यक्रम को और सुदृढ़ किया जाएगा, साथ ही शोध एवं नवाचार को बढ़ावा देने के लिए बुनियादी ढांचा विकसित किया जाएगा।

संस्थान में देशभर से बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं प्रवेश लेते हैं। एआई और डेटा साइंस जैसे उभरते क्षेत्रों में बढ़ती मांग को देखते हुए पाठ्यक्रमों का विस्तार किया जा रहा है। एआई प्रयोगशालाओं को अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस करने, विशेषज्ञ फैकल्टी की नियुक्ति तथा इंडस्ट्री सहयोग बढ़ाने की भी योजना है।

एआई एयरोस्पेस व एआई मेडिकल हेल्थ केयर पर होगा फोकस
आईआईटी बीएचयू प्रशासन के अनुसार एआई एयरोस्पेस और एआई मेडिकल हेल्थ केयर जैसे विशेष क्षेत्रों पर भी काम किया जाएगा। इन क्षेत्रों में रिसर्च और नवाचार को बढ़ावा देने के लिए अलग-अलग प्रोजेक्ट विकसित किए जा रहे हैं। डेटा साइंस इकोसिस्टम को मजबूत करने और एआई तकनीक में दक्ष मानव संसाधन तैयार करने पर विशेष जोर रहेगा।

Share this story