IIT (BHU) का प्रथम ‘इंस्टीट्यूट डे–2026’ उत्साह के साथ संपन्न, ‘उत्थान’ थीम के साथ नवाचार और राष्ट्र निर्माण का दिया संदेश, सीएम योगी ने किया संबोधित 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (काशी हिन्दू विश्वविद्यालय) ने सोमवार को अपना प्रथम Institute Day–2026 ‘उत्थान’ थीम के साथ गरिमामय वातावरण में मनाया। ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार और समाजोन्मुख तकनीकी विकास को समर्पित इस आयोजन में संस्थान की उपलब्धियों, उद्योग–अकादमिक सहयोग, स्टार्टअप संस्कृति और क्षेत्रीय विकास की दिशा में किए जा रहे प्रयासों को प्रमुखता से प्रस्तुत किया गया। सीएम योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम को संबोधित किया। 

कार्यक्रम का शुभारंभ प्रदर्शनी स्टॉलों के उद्घाटन एवं अवलोकन से हुआ। इसके बाद मुख्य अतिथि, विशिष्ट अतिथि, निदेशक और अन्य गणमान्य अतिथियों का स्वागत किया गया। कुलगीत के साथ महामना पंडित मदन मोहन मालवीय की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन कर समारोह का औपचारिक शुभारंभ हुआ। इस अवसर पर संस्थान की उपलब्धियों और विकास यात्रा पर आधारित एक विशेष फिल्म भी प्रदर्शित की गई।

123

आईआईटी (बीएचयू) के निदेशक प्रो. अमित पात्रा ने अपने स्वागत संबोधन में कहा कि इस वर्ष की थीम “उत्थान (Upliftment Through Technological Transformation of Higher Academic Institutions)” केवल संस्थान की प्रगति तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज, उद्योग और विशेष रूप से पूर्वी उत्तर प्रदेश के समग्र विकास का दृष्टिकोण प्रस्तुत करती है। उन्होंने बताया कि संस्थान अनुसंधान, नवाचार, स्टार्टअप, उद्योग सहयोग और कृषि आधारित तकनीकी समाधानों के माध्यम से क्षेत्रीय एवं राष्ट्रीय विकास में सक्रिय भूमिका निभा रहा है। उन्होंने प्रस्तावित Agritech Business Park को किसानों को आधुनिक तकनीक, मूल्य संवर्धन और कृषि नवाचार से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया।

विशिष्ट अतिथि एवं काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. अजीत कुमार चतुर्वेदी ने कहा कि महामना मालवीय की दूरदृष्टि ने तकनीकी शिक्षा को राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम बनाया। उन्होंने आईआईटी (बीएचयू) की ऐतिहासिक उपलब्धियों, अनुसंधान, उद्योग सहयोग और पूर्व छात्रों के योगदान की सराहना करते हुए भविष्य में बीएचयू और आईआईटी (बीएचयू) के बीच संयुक्त अनुसंधान, तकनीकी हस्तांतरण और स्टार्टअप गतिविधियों को और मजबूत करने की बात कही।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संदेश में कहा कि Institute Day–2026 ज्ञान, अनुसंधान, नवाचार, उद्योग, कृषि और समाज के समन्वय का राष्ट्रीय मंच बन गया है। उन्होंने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, सेमीकंडक्टर, रोबोटिक्स, क्वांटम कंप्यूटिंग, एग्रीटेक, बायोटेक और डीपटेक जैसे क्षेत्र उत्तर प्रदेश को नई दिशा दे रहे हैं। मुख्यमंत्री ने Agritech Business Park की सराहना करते हुए इसे पूर्वांचल के किसानों को आधुनिक कृषि, डिजिटल मार्केटिंग और कृषि आधारित उद्योगों से जोड़ने की महत्वपूर्ण पहल बताया।

समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाले पूर्व छात्रों को Distinguished Alumnus/Alumnae Award–2025 और Young Alumnus Achiever Award से सम्मानित किया गया। साथ ही संस्थान की हिंदी पत्रिका ‘अभ्युदय’ और स्मारिका का विमोचन भी किया गया। कार्यक्रम के अंत में डीन (अनुसंधान एवं विकास) प्रो. राजेश कुमार ने धन्यवाद ज्ञापित किया तथा राष्ट्रगान के साथ समारोह के प्रथम सत्र का समापन हुआ।

Share this story