वाराणसी में मतदाता सूची में नाम नहीं है तो भरे फार्म-6, कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन, वेबसाइट पर चेक करें अपना नाम
वाराणसी। काशी में मतदाता सूची के पुनरीक्षण का कार्य तेजी से चल रहा है। परिसीमन के बाद प्रकाशित नई मतदाता सूची में यदि किसी नागरिक का नाम शामिल नहीं है या किसी प्रकार की त्रुटि है, तो उसे सुधारने के लिए निर्वाचन विभाग ने स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए हैं। जिला प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे समय रहते अपने नाम की जांच कर आवश्यक आवेदन करें।
जिलाधिकारी एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सत्येंद्र कुमार ने बताया कि मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए फॉर्म-6 भरना अनिवार्य है। जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे इस फॉर्म के माध्यम से अपना नाम शामिल करा सकते हैं। यह प्रक्रिया लगातार जारी है और इसके लिए ऑनलाइन एवं ऑफलाइन दोनों माध्यम उपलब्ध हैं।
ऑनलाइन आवेदन के लिए मतदाता voters.eci.gov.in और ceouttarpradesh.nic.in वेबसाइट पर जाकर अपना नाम चेक कर सकते हैं और वहीं से आवेदन भी कर सकते हैं। इसके अलावा, नाम में संशोधन के लिए फॉर्म-8 और नाम हटाने के लिए फॉर्म-7 का उपयोग किया जा सकता है। प्रशासन द्वारा सभी संबंधित कार्यालयों में भी सुविधा उपलब्ध कराई गई है, जहां जाकर नागरिक आवेदन जमा कर सकते हैं।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि 10 से 16 अप्रैल तक निर्वाचन रजिस्ट्रेशन अधिकारी कार्यालय, जिला निर्वाचन कार्यालय, संबंधित तहसील कार्यालयों एवं पुलिस थानों पर मतदाता सूची का प्रदर्शन किया जा रहा है, जिससे लोग आसानी से अपने नाम की जांच कर सकें। इसके अलावा जिले की आधिकारिक वेबसाइट https://varanasi.nic.in/deo/portal/ पर भी मतदाता सूची देखी जा सकती है।
आपत्ति और दावों की प्रक्रिया जारी
यदि किसी व्यक्ति को सूची में दर्ज नाम या जानकारी को लेकर आपत्ति है, तो वह जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 24 के तहत दावा या आपत्ति दर्ज करा सकता है। इन आपत्तियों का निस्तारण जिला मजिस्ट्रेट (डीएम) के स्तर पर किया जाएगा। यदि कोई व्यक्ति इस निर्णय से संतुष्ट नहीं होता, तो वह 15 दिनों के भीतर मुख्य निर्वाचन अधिकारी (सीईओ) के समक्ष अपील कर सकता है।
एक नजर में आंकड़े
मतदाता सूची के अनुसार जिले में कुल 27,30,603 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 14,68,874 पुरुष, 12,43,611 महिलाएं और 118 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
• 836 जेंडर रेसियो
• 60.82% ईपी रेसियो
• 29,509 मतदाता 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के
• 30,827 मतदाता 80 वर्ष से अधिक उम्र के
• 103 मतदान केंद्र पर 100 वर्ष से अधिक उम्र के मतदाता
• 28,613 दिव्यांग मतदाता
• 5,400 सर्विस मतदाता
• 1,94,239 मतदाताओं के नाम जोड़े गए
• 44,138 मतदाताओं के नाम हटाए गए
प्रशासन ने सभी नागरिकों से अपील की है कि वे लोकतंत्र के इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया में भाग लें और सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में सही रूप से दर्ज हो, ताकि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकें।

