45 दिन में नहीं हुआ दाखिल-खारिज तो कार्रवाई तय, महापौर का कड़ा अल्टीमेटम

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। नगर निगम की कार्यप्रणाली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए महापौर अशोक कुमार तिवारी ने साफ कर दिया है कि अब लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। दाखिल-खारिज (म्यूटेशन) में देरी और अनियमितता की शिकायतों पर उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 45 दिनों के भीतर मामलों का निस्तारण नहीं हुआ तो संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई तय है।

ं

स्मार्ट सिटी सभागार में हुई समीक्षा बैठक
सिगरा स्थित स्मार्ट सिटी सभागार में शनिवार को नगर निगम के कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक में जनहित से जुड़े मामलों में हीलाहवाली पर महापौर ने कड़ा रुख अपनाते हुए अधिकारियों और कर्मचारियों को अपनी कार्यशैली सुधारने के निर्देश दिए।

ं

नगर स्वास्थ्य अधिकारी को अंतिम चेतावनी
नगर स्वास्थ्य अधिकारी सुरेंद्र कुमार चौधरी को कार्यप्रणाली सुधारने के लिए एक सप्ताह का समय दिया गया है। महापौर ने स्पष्ट कहा कि जनता को परेशान करने वाले अधिकारी अपनी आदतें बदल लें, अन्यथा उन्हें बाहर का रास्ता दिखाया जाएगा। साथ ही नियमित निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए गए।

ं

अतिक्रमण नहीं हटाया तो चलेगा अभियान
बैठक में दुकानों के सामने किए गए अतिक्रमण को लेकर भी सख्ती दिखाई गई। एक सप्ताह के भीतर अतिक्रमण हटाने का निर्देश दिया गया है। तय समय के बाद नगर निगम द्वारा अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाया जाएगा और जुर्माना भी वसूला जाएगा।

ं

पेयजल व्यवस्था और ओवरहेड टैंकों पर नाराजगी
गर्मी को देखते हुए पेयजल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान सामने आया कि नौ में से तीन ओवरहेड टैंक डिस्ट्रीब्यूशन लाइन के अभाव में बेकार पड़े हैं। इस पर महापौर ने नाराजगी जताते हुए जलकल विभाग को एक सप्ताह में कार्य पूरा करने का निर्देश दिया।

मानसून से पहले नालों की सफाई का लक्ष्य
जलभराव की समस्या से निपटने के लिए 6 अप्रैल से नाला सफाई अभियान को तेज करने का निर्देश दिया गया है। नालों को ए, बी और सी श्रेणी में बांटकर 15 जून तक सफाई पूरी करने का लक्ष्य रखा गया है, ताकि मानसून में जलभराव की समस्या न हो।

ं

फील्ड में उतरेंगे महापौर, खुद करेंगे निरीक्षण
महापौर ने घोषणा की कि सोमवार से वह स्वयं सुबह 7:30 बजे से वार्डवार निरीक्षण अभियान शुरू करेंगे। इसके तहत सफाई, सड़क, सीवर और पेयजल व्यवस्था की जमीनी हकीकत जांची जाएगी।

ठेकेदारों और मिलीभगत पर होगी सख्त जांच
बैठक में पारदर्शिता पर जोर देते हुए महापौर ने कहा कि गलत निविदा डालने वाले ठेकेदारों और उनसे मिलीभगत करने वाले कर्मचारियों की विभागीय जांच होगी। दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।

ं

राजस्व वसूली के लिए बनेगी नई रणनीति
नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गृहकर, जलकर, लाइसेंस शुल्क और दुकानों के किराए की वसूली को लेकर ठोस कार्ययोजना बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि वर्ष की शुरुआत से ही लक्ष्य प्राप्ति के लिए सक्रियता जरूरी है।

अच्छा काम करने वालों को मिलेगा सम्मान
बैठक में सकारात्मक पहल करते हुए महापौर ने कहा कि बेहतर कार्य करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र दिया जाएगा। साथ ही उन्हें परिवार सहित भ्रमण का अवसर भी प्रदान किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों का मनोबल बढ़े।

Share this story