बूथ संगठन मजबूत होगा तो 2027 में फिर बनेगी सरकार, बीजेपी प्रदेश महामंत्री धर्मपाल सिंह ने संगठन को सशक्त बनाने का किया आह्वान 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। भारतीय जनता पार्टी द्वारा प्रदेश की सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में आयोजित बूथ अध्यक्ष सम्मेलनों के क्रम में बुधवार को काशी क्षेत्र की सभी 71 विधानसभा क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए गए। इसी कड़ी में शहर दक्षिणी विधानसभा क्षेत्र का बूथ अध्यक्ष सम्मेलन पिपलानी कटरा स्थित सरोजा पैलेस में आयोजित हुआ, जिसमें विधानसभा के सभी 353 बूथ अध्यक्षों ने भाग लिया। कार्यक्रम में भाजपा के प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह ने बूथ संगठन को पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए बूथ अध्यक्षों से संगठन को और अधिक सशक्त बनाने का आह्वान किया।

123

सम्मेलन की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन, डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के चित्रों पर पुष्पांजलि अर्पित करने तथा सामूहिक वंदे मातरम् गान के साथ हुई। इसके बाद धर्मपाल सिंह ने बूथवार सत्यापन कर संगठन की जमीनी स्थिति की समीक्षा की। सम्मेलन में प्रत्येक बूथ अध्यक्ष के लिए विधानसभा संख्या, बूथ क्रमांक और नाम अंकित कर व्यवस्थित बैठक व्यवस्था की गई थी।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि "बूथ जीतो, चुनाव जीतो" भाजपा का मूल मंत्र है। उन्होंने कहा कि पार्टी की सफलता मजबूत बूथ संगठन और समर्पित कार्यकर्ताओं पर निर्भर करती है। बूथ स्तर का कार्यकर्ता ही सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों को घर-घर तक पहुंचाने का सबसे प्रभावी माध्यम है। उन्होंने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता राष्ट्र प्रथम की भावना से कार्य करता है और यही पार्टी की सबसे बड़ी ताकत है।

123

उन्होंने बूथ अध्यक्षों से प्रत्येक बूथ पर सक्रिय और प्राथमिक सदस्यों की सूची तैयार करने, पुराने और नए कार्यकर्ताओं, पूर्व पदाधिकारियों तथा जनप्रतिनिधियों से नियमित संपर्क बनाए रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि केवल बैठकें करने से संगठन मजबूत नहीं होता, बल्कि निरंतर संवाद, समन्वय और सक्रिय भागीदारी से संगठन को मजबूती मिलती है। प्रत्येक बूथ अध्यक्ष को अपनी समिति के सदस्यों को उनकी क्षमता के अनुसार जिम्मेदारियां सौंपकर उन्हें सक्रिय बनाना चाहिए।

धर्मपाल सिंह ने कहा कि 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए भाजपा को "पूर्व तैयारी और पूर्ण तैयारी" के सिद्धांत पर काम करना होगा। बूथ स्तर पर मजबूत संगठनात्मक ढांचा तैयार कर पार्टी एक बार फिर प्रदेश में विजय का परचम लहराने का लक्ष्य लेकर आगे बढ़ रही है।
सम्मेलन की अध्यक्षता कर रहे शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता आधारित पार्टी है और बूथ अध्यक्ष संगठन की रीढ़ होते हैं। उन्होंने कहा कि बूथ अध्यक्ष केवल चुनावी गतिविधियों तक सीमित नहीं रहते, बल्कि समाज के बीच रहकर सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं को आम लोगों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण दायित्व निभाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन भाजपा महानगर उपाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने किया, जबकि धन्यवाद ज्ञापन साधना वेदांती ने दिया। सम्मेलन में भाजपा काशी क्षेत्र अध्यक्ष अशोक चौरसिया, विधान परिषद सदस्य अरुण पाठक, आत्मा विश्वेश्वर, जगदीश त्रिपाठी, इंजीनियर अशोक यादव, एडवोकेट अशोक जाटव, बबलू सेठ, राजीव सिंह डब्बू, तारकेश्वर गुप्ता ‘बंटी’, संतोष सोलापुरकर, गोपाल जी गुप्ता, संजय केशरी, अंकुर मल्होत्रा, नलिन नयन मिश्रा, मनोज यादव, कनकलता मिश्रा, श्रवण गुप्ता, संदीप चौरसिया, नवरतन राठी सहित विधानसभा क्षेत्र के सभी 353 बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Share this story