बाबतपुर एयरपोर्ट पर पकड़ा गया 22 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा, बैंकाक से लाए थे तस्कर 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए करीब 20 किलो हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 22 करोड़ रुपये बताई जा रही है। मामले में दो तस्करों को गिरफ्तार किया गया है।

जानकारी के अनुसार एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या आईएक्स-215 से बैंकॉक से वाराणसी पहुंचे दो यात्रियों के सामान की जांच के दौरान अधिकारियों को संदेह हुआ। तलाशी लेने पर उनके बैग से प्रतिबंधित मादक पदार्थ बरामद किया गया। दोनों यात्रियों की पहचान एमपी के उज्जैन निवासी शहनाज और युसुफ के रूप में हुई। 

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी वाराणसी के एक व्यक्ति को गांजे की खेप सौंपने वाले थे। इसके बाद मुंबई जाने की फिराक में थे। अधिकारियों के अनुसार हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक महंगा और नशीला होता है। इसकी तस्करी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बड़े नेटवर्क के जरिए की जाती है। फिलहाल पुलिस और जांच एजेंसियां पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हैं।

Share this story