वाराणसी में सड़क हादसे में पति की मौत, पत्नी घायल, परिजनों में मचा कोहराम

वाराणसी। रोहनियां थाना क्षेत्र के मोहनसराय पुलिस चौकी अंतर्गत बैरवन रेलवे ओवरब्रिज पर सोमवार को अज्ञात वाहन ने बाइक सवार पति-पत्नी को टक्कर मार दी। इसमें पति की मौत हो गई। वहीं पत्नी घायल हो गई। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
जंसा थाना क्षेत्र के पेडुका गांव निवासी अशोक यादव (50 वर्ष) अपनी पत्नी अनीता को बाइक से लेकर भदवर स्थित हेरिटेज अस्पताल में इलाज कराने जा रहे थे। उसी दौरान ओवरब्रिज पर तेज रफ्तार किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में अशोक की मौत हो गई। वहीं पत्नी को हल्की चोटें आई हैं। लोगों की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। परिजन रोते-बिलखते घटनास्थल पर पहुंच गए। अशोक यादव चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे। वे सूरत में रहकर प्राइवेट कंपनी में काम करते थे। उन्हें एक लड़का तथा दो लड़कियां हैं। अभी सभी अविवाहित हैं। पेडुका ग्राम प्रधान घनश्याम यादव ने मृतक आश्रितों को सड़क दुर्घटना बीमा का लाभ दिलाने की मांग की।