वाराणसी में नारी शक्ति वंदन के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला, छात्राओं और खिलाड़ियों ने दिया सशक्तिकरण का संदेश

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के प्रस्तावित दौरे से पहले सोमवार को वाराणसी में नारी शक्ति का प्रभावशाली प्रदर्शन देखने को मिला। शहर में 1000 से अधिक छात्राओं और महिला खिलाड़ियों ने एकजुट होकर नारी वंदन अधिनियम के समर्थन में विशाल मानव श्रृंखला बनाई। इस आयोजन ने महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक मजबूत संदेश दिया और लोगों का ध्यान इस महत्वपूर्ण विषय की ओर आकर्षित किया।

123

कार्यक्रम के दौरान छात्राएं और खिलाड़ी हाथों में तख्तियां और तिरंगा लिए पूरे उत्साह के साथ शामिल हुईं। मानव श्रृंखला बनाने के बाद सभी प्रतिभागियों ने विकास इंटर कॉलेज से नटनिया दाई मंदिर तक जागरूकता मार्च भी निकाला। इस मार्च के माध्यम से उन्होंने राहगीरों और स्थानीय नागरिकों को नारी वंदन अधिनियम के महत्व और इसके संभावित लाभों के बारे में जानकारी दी।

इस आयोजन में विभिन्न खेलों से जुड़ी महिला खिलाड़ियों की उल्लेखनीय भागीदारी रही, जिनमें हैंडबॉल, रग्बी, टेबल टेनिस, जूडो और हॉकी शामिल हैं। खिलाड़ियों ने एक स्वर में कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए सरकार द्वारा उठाए गए कदम सराहनीय हैं। उनका मानना है कि संसद और विधानसभाओं में 33 प्रतिशत आरक्षण मिलने से महिलाओं की भागीदारी बढ़ेगी और वे नीति निर्माण में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज करा सकेंगी।

कार्यक्रम के संयोजक डॉ. एके सिंह ने बताया कि उनका संस्थान लंबे समय से महिलाओं को शिक्षा और खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के लिए कार्य कर रहा है। उन्होंने बताया कि उनके कॉलेज से अब तक तीन अंतरराष्ट्रीय और 22 राष्ट्रीय स्तर की महिला खिलाड़ी निकल चुकी हैं, जिन्होंने देश और शहर का नाम रोशन किया है।

Share this story