नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में हर्बल रंगों के साथ खेली गई होली, बच्चों को सुरक्षित ढंग से होली खेलने को किया प्रेरित   

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। सुसवाही स्थित नवनीता कुंवर पब्लिक स्कूल में होली का पर्व पारंपरिक उमंग, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों के साथ उल्लासपूर्वक मनाया गया। विद्यालय परिसर रंग-बिरंगे परिधानों, हंसी-खुशी और उत्साह से सराबोर नजर आया। विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को हर्बल गुलाल लगाकर प्रेम, सौहार्द और भाईचारे का संदेश दिया।

123

कार्यक्रम की शुरुआत होली के पारंपरिक गीतों और मनोहारी सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से हुई। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ कक्षाओं के छात्र-छात्राओं तक सभी ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। रंगों से सजे मंच पर प्रस्तुत नृत्य और समूहगान ने वातावरण को और भी आनंदमय बना दिया। बच्चों ने होली के महत्व पर लघु भाषण और कविताएं प्रस्तुत कर पर्व के सांस्कृतिक और सामाजिक पक्ष को भी रेखांकित किया।

123

इस अवसर पर विद्यालय के प्रबंधक राजेश कुमार राय ने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को होली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि त्योहारों का उद्देश्य समाज में प्रेम और एकता को मजबूत करना है। उन्होंने विशेष रूप से हर्बल रंगों के उपयोग पर जोर देते हुए बताया कि यह स्वास्थ्य और पर्यावरण दोनों के लिए सुरक्षित है। साथ ही उन्होंने सभी से अपील की कि पानी की बर्बादी से बचें और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लें।

123

प्रधानाचार्य दिवाकर राय ने भी विद्यालय परिवार को होली की बधाई देते हुए कहा कि ऐसे पर्व हमें आपसी मतभेद भुलाकर एकजुट रहने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि त्योहारों के माध्यम से सांस्कृतिक मूल्यों का संरक्षण संभव है।

123

कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने सुरक्षित और स्वच्छ होली मनाने का सामूहिक संकल्प लिया। रासायनिक रंगों से दूर रहने, जल संरक्षण और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने का संदेश दिया गया। आयोजन के अंत में विद्यार्थियों को ठंडाई वितरित की गई, जिससे उनकी खुशी और बढ़ गई।

Share this story