वाराणसी में हाईटेक नशे का धंधा: हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी में दो गिरफ्तार, नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना लंका पुलिस और एएनटीएफ (एंटी नारकोटिक्स टास्क फोर्स) की संयुक्त टीम ने हाइड्रोपोनिक गांजा तस्करी के एक संगठित नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 145 ग्राम अवैध हाइड्रोपोनिक (ऑर्गेनिक) गांजा के साथ दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस ने बुधवार की रात रविंद्रपुरी पुलिया के पास आदित्य सिंह निवासी गोरखपुर और वासू केडिया निवासी भेलूपुर को गिरफ्तार किया। पुलिस ने दोनों आरोपियों के पास से 145 ग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया, जो विशेष तकनीक से उगाया गया उच्च गुणवत्ता वाला नशा है और बाजार में इसकी कीमत सामान्य गांजे की तुलना में काफी अधिक होती है।

123

पूछताछ में आरोपियों ने कई अहम खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि आदित्य सिंह गोरखपुर से हाइड्रोपोनिक गांजा लाकर वाराणसी में सप्लाई करता था, जिसे वासू केडिया छोटे-छोटे पैकेट में बांटकर घाट क्षेत्रों और आसपास के इलाकों में ऊंचे दामों पर बेचता था। इस अवैध कारोबार से होने वाली मोटी कमाई से दोनों अपने महंगे शौक पूरे करते थे।

पुलिस ने इस मामले में थाना लंका में मु0अ0सं0 0158/2026 के तहत धारा 8/20/29 एनडीपीएस एक्ट के अंतर्गत मुकदमा दर्ज कर लिया है। मामले की जांच उपनिरीक्षक शैलेष शर्मा को सौंपी गई है। फिलहाल पुलिस इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है और इससे जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।

Share this story