सीएम योगी और उनकी मां पर कथित टिप्पणी से आक्रोश, हिंदू संगठनों ने पुतला फूंककर जताया विरोध
वाराणसी। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनकी माता को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी का मामला तूल पकड़ता जा रहा है। सोशल मीडिया पर सामने आए एक वीडियो के बाद हिंदू संगठनों और युवाओं में नाराजगी देखी जा रही है। हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने रविवार को टिप्पणी करने वाले का वाराणसी में पुतला फूंककर विरोध जताया। साथ ही केंद्र और प्रदेश सरकार से ऐसे लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।

बताया जा रहा है कि एक वीडियो में एक मुस्लिम धर्मगुरु द्वारा मुख्यमंत्री की माता के संबंध में अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप लगाया गया है। इसी को लेकर एक हिंदू संगठन के कार्यकर्ता ने सार्वजनिक मंच से कड़ा विरोध दर्ज कराया। अम्बरीश सिंह भोला ने कहा कि मां का स्थान सबसे ऊपर होता है। खुद को मुस्लिम धर्म गुरु बताने वाले शख्त ने मां के बारे में ऐसी टिप्पणी की, जो दुर्भाग्यपूर्ण है। यह महिलाओं के प्रति गंदी मानसिकता को दर्शाता है।

उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ केंद्र और प्रदेश सरकार को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए। ऐसे लोगों की नागरिकता रद्द कर उन्हें पाकिस्तान अथवा बांग्लादेश भेज देना चाहिए। कार्यकर्ताओं ने कहा कि ऐसे लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई होनी चाहिए ताकि भविष्य में कोई भी इस प्रकार की टिप्पणी करने का साहस न कर सके।


