काशी में पर्यटन को रफ्तार देने को हेरिटेज वॉक का शुभारंभ, विश्वनाथ धाम के गेट और राजेंद्र प्रसाद घाट से रोजाना होगा आयोजन
वाराणसी। पर्यटन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से उत्तर प्रदेश पर्यटन विभाग ने एक नई पहल करते हुए गुरुवार से तीन प्रकार की टूरिस्ट हेरिटेज वॉक का संचालन शुरू कर दिया। चैत्र नवरात्रि के प्रथम दिवस पर इस पहल की शुरुआत श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में मंगला आरती के साथ की गई, जिससे कार्यक्रम को धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व भी मिला।
इन हेरिटेज वॉक का उद्देश्य काशी की समृद्ध आध्यात्मिक विरासत, संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को देश-विदेश से आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं तक पहुंचाना है। पर्यटन विभाग ने तीन प्रमुख वॉक दिव्य काशी हेरिटेज वॉक, असि काशी हेरिटेज वॉक और ओल्ड काशी हेरिटेज वॉक का संचालन प्रारंभ किया है।
दिव्य काशी और असि काशी हेरिटेज वॉक का प्रारंभ स्थल मंदिर के चौक गेट नंबर-04 से रखा गया है, जहां से यह वॉक प्रतिदिन सुबह 2:20 बजे शुरू होगी। वहीं ओल्ड काशी हेरिटेज वॉक का प्रारंभ राजेन्द्र प्रसाद घाट से शाम 4:00 बजे किया जाएगा। प्रत्येक वॉक में प्रतिदिन 30 से 40 पर्यटक या श्रद्धालु शामिल हो सकेंगे।
इस पहल के माध्यम से काशी के प्राचीन मंदिरों, घाटों, गलियों और सांस्कृतिक धरोहरों का एक सुव्यवस्थित और रोचक अनुभव उपलब्ध कराया जाएगा। यह हेरिटेज वॉक न केवल पर्यटन को नई दिशा देगी, बल्कि स्थानीय परंपराओं और ऐतिहासिक महत्व को भी वैश्विक पहचान दिलाने में सहायक होगी।
हेरिटेज वॉक और काशी दर्शन बस सेवा के लिए ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है, जिससे पर्यटक आसानी से अपनी यात्रा की योजना बना सकें। पर्यटन विभाग की यह पहल काशी को एक संगठित और आकर्षक पर्यटन केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।

