बाबतपुर एयरपोर्ट पर बनेगी हेल्प डेस्क, मेट्रो कनेक्टिविटी पर मंथन
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा (बाबतपुर) पर यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए हेल्प डेस्क स्थापित किए जाने का निर्णय लिया गया है। यह फैसला बुधवार को एयरपोर्ट पर आयोजित हवाई अड्डा सलाहकार समिति की बैठक में लिया गया, जिसमें विभिन्न जनप्रतिनिधि और अधिकारी शामिल हुए।
बैठक की अध्यक्षता मछलीशहर सांसद और सलाहकार समिति की अध्यक्ष प्रिया सरोज ने की। बैठक में यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कई महत्वपूर्ण बिंदुओं पर विचार-विमर्श किया गया। विशेष रूप से एयरपोर्ट पर आने-जाने वाले यात्रियों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए हेल्प डेस्क की स्थापना पर सहमति बनी।
इसके साथ ही एयरपोर्ट को शहर से और बेहतर तरीके से जोड़ने के लिए मेट्रो कनेक्टिविटी का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया गया। इस पर संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश देने और भविष्य की योजनाओं में इसे शामिल करने पर चर्चा की गई।

