हनुमान जयंती : नमामि गंगे ने हनुमान घाट पर की सफाई, स्वच्छता का लिया संकल्प, पर्यावरण संरक्षण का दिया संदेश
वाराणसी। हनुमान जन्मोत्सव के पावन अवसर पर नमामि गंगे की स्वयंसेवी टीम ने हनुमान घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने घाट पर फैली गंदगी, पूजा सामग्री और अन्य अपशिष्ट को हटाकर गंगा को स्वच्छ बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम की शुरुआत घाट स्थित प्राचीन बड़े हनुमान जी की विधिवत आरती से हुई, जिसमें देश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की गई। इसके बाद स्वयंसेवकों ने घाट की साफ-सफाई करते हुए “स्वच्छ गंगा, निर्मल गंगा” का संदेश आमजन तक पहुंचाया।

सफाई अभियान के उपरांत कार्यकर्ताओं और श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से हनुमान चालीसा का पाठ किया तथा मां गंगा की आरती उतारी। भक्ति और सेवा के इस संगम ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक ऊर्जा से भर दिया। उपस्थित लोगों ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे पूजा के बाद सामग्री को गंगा में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित डस्टबिन में ही डालें, ताकि नदी की स्वच्छता बनी रहे।

इस अवसर पर नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक एवं नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला ने कहा कि हनुमान जी का जीवन प्रकृति संरक्षण का संदेश देता है। उन्होंने बताया कि हनुमान जी वन और पर्यावरण के रक्षक माने जाते हैं, जो मानव को जल, वायु और भूमि के प्रति सम्मान का भाव सिखाते हैं। कार्यक्रम में अभिषेक शर्मा, शुभम सिंह, अनुज सिंह, करण सिंह, सुरेंद्र सिंह और विवेक सिंह सहित कई स्वयंसेवक एवं श्रद्धालु उपस्थित रहे।

