मिर्जामुराद बाजार में तेज रफ्तार बोलेरो ने रोडलाइट जीप में मारी टक्कर, आधा दर्जन मजदूर घायल 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद बाजार में शादी समारोह से लौट रहे मजदूरों से भरी रोड लाइट जीप को एक तेज रफ्तार बोलेरो ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में आधा दर्जन मजदूर घायल हो गए। कुछ घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। 

चित्रसेनपुर गांव निवासी मजदूर राजातालाब क्षेत्र में आयोजित एक शादी समारोह में लाइटिंग का काम कर लौट रहे थे। जैसे ही उनकी जीप मिर्जामुराद बाजार स्थित पिंक पुलिस बूथ के पास पहुंची, तभी सड़क पार कर रही तेज रफ्तार बोलेरो ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि जीप बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार मजदूर सड़क पर गिरकर घायल हो गए।

घायलों में गुड्डू (25), बुधना (50), मानकेशरा (52), भीम (45) सहित दो अन्य मजदूर शामिल हैं। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़ पड़े। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को तत्काल नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, हादसे के बाद बोलेरो चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।

Share this story