नमो घाट पर गार्डों पर युवकों से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल होने के बाद जांच शुरू

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आदमपुर थाना क्षेत्र स्थित नमो घाट पर निजी वाहन स्टैंड के गार्डों पर युवकों के साथ मारपीट करने का आरोप लगा है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए जांच शुरू कर दी है। पीड़ित युवकों ने पुलिस से शिकायत कर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

कुछ युवक रात में नमो घाट घूमने पहुंचे थे। देर रात घर जाने के लिए उन्होंने घाट से बाहर निकलने के लिए गेट खोलने का अनुरोध किया। आरोप है कि इसी बात को लेकर वाहन स्टैंड पर तैनात गार्डों से उनका विवाद हो गया। देखते ही देखते गार्डों ने अपने कुछ साथियों के साथ मिलकर युवकों की पिटाई शुरू कर दी। इस दौरान मौके पर मौजूद किसी व्यक्ति ने घटना का वीडियो बना लिया, जो बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

123

वीडियो सामने आने के बाद पीड़ित युवकों ने आदमपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने वायरल वीडियो और शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम घटना से जुड़े लोगों और मौके पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों से जानकारी जुटा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

स्थानीय लोगों का आरोप है कि नमो घाट पर तैनात निजी सुरक्षा गार्डों के व्यवहार को लेकर पहले भी शिकायतें सामने आती रही हैं। आरोप है कि इससे पूर्व भी गार्डों की मारपीट के बाद एक युवक की मौत का मामला सामने आया था। हालांकि, वर्तमान घटना में पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही आरोपों की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। 

घटना के बाद नमो घाट की सुरक्षा व्यवस्था और निजी गार्डों के व्यवहार को लेकर एक बार फिर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा और गार्डों की गतिविधियों पर प्रभावी निगरानी की मांग की है।

Share this story