जीएसटी फर्जीवाड़ा केस में बड़ी कार्रवाई: पंजाब से वांछित आरोपी गिरफ्तार, दस्तावेज व आईफोन बरामद
वाराणसी। जीएसटी फ्रॉड के एक मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त मो. फरहान को चौबेपुर पुलिस और एसओजी वाराणसी की संयुक्त टीम ने पंजाब से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के कब्जे से जीएसटी से संबंधित विभिन्न कूटरचित दस्तावेज, आधार कार्ड, रेंट एग्रीमेंट, बिजली बिल तथा एक आईफोन 14 प्रो मैक्स बरामद किया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस कमिश्नरेट द्वारा अपराध नियंत्रण और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त अपराध के निर्देशन एवं संबंधित अधिकारियों के पर्यवेक्षण में इलेक्ट्रॉनिक और भौतिक सर्विलांस की मदद से टीम ने 21 फरवरी 2026 को पंजाब के मंडी गोविंदगढ़ स्थित आरोपी के वर्तमान पते पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार किया।
मामला मु0अ0सं0-0452/2025 से संबंधित है, जो थाना चौबेपुर में दर्ज है। आरोप है कि 9 जुलाई 2025 को राज्य कर विभाग के सहायक आयुक्त आलोक रंजन की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया गया था। शिकायत में कहा गया था कि फर्जी एवं कूटरचित प्रपत्रों के आधार पर फर्म के नाम से जीएसटी पंजीकरण कराकर सरकारी राजस्व को क्षति पहुंचाई गई। इस प्रकरण में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज कर विवेचना की जा रही थी।
गिरफ्तार अभियुक्त मो. फरहान मूल रूप से बिजनौर जनपद का निवासी है और वर्तमान में पंजाब में रह रहा था। पुलिस के अनुसार, बरामद दस्तावेजों में ‘सिंह इंटरप्राइजेज’ से संबंधित जीएसटी प्रपत्र भी शामिल हैं, जिनकी जांच की जा रही है। पुलिस टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक राजेंद्र प्रसाद (थाना चौबेपुर), उपनिरीक्षक उमाशंकर (एसओजी), कांस्टेबल आलोक कुमार मौर्या, दिनेश कुमार, चालक सुभाष पासवान तथा साइबर सेल के कांस्टेबल विराट सिंह शामिल रहे।

