कैंट स्टेशन पर जीआरपी के हत्थे चढ़ा शातिर तस्कर, 75 लाख की चरस बरामद, मुंबई पहुंचानी थी खेप 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। कैंट रेलवे स्टेशन पर मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम ने एक बड़ी सफलता हासिल की है। संयुक्त कार्रवाई में एक तस्कर को 3 किलो 150 ग्राम चरस के साथ गिरफ्तार किया गया। बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग 75 लाख रुपये बताई जा रही है।

जीआरपी के अनुसार गिरफ्तार आरोपी की पहचान कुलदीप सेठ निवासी नाटीमली, वाराणसी के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह गोरखपुर से बस से चरस लेकर वाराणसी पहुंचा था। यहां से उसका इरादा मुंबई जाने वाली ट्रेन में सवार होकर मादक पदार्थ की खेप को आगे पहुंचाने का था।

123

जीआरपी और आरपीएफ की संयुक्त टीम स्टेशन परिसर में संदिग्ध व्यक्तियों और सामानों की सघन जांच कर रही थी। इसी दौरान प्लेटफार्म नंबर 9 पर एक युवक की गतिविधियां पुलिस को संदिग्ध लगीं। जब टीम ने उसे रोककर पूछताछ की और उसके सामान की तलाशी ली तो उसके पास से 3 किलो 150 ग्राम चरस बरामद हुई। बरामदगी के बाद पुलिस ने तत्काल उसे हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तारी के बाद रेलवे सुरक्षाबलों आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। साथ ही उससे गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि मादक पदार्थ की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग शामिल हैं। जांच एजेंसियां तस्करी से जुड़े संभावित नेटवर्क और अन्य सहयोगियों की भी तलाश कर रही हैं।

123

कैंट जीआरपी प्रभारी राजोल नागर ने बताया कि रेलवे परिसरों में सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था को और मजबूत किया गया है। भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे, ताकि नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

Share this story