जीआरपी ने ढूंढ निकाले 80 लाख के 400 खोए मोबाइल, अपने फोन वापस पाकर खिले लोगों के चेहरे, रेलवे सुरक्षाबलों को दिया धन्यवाद
वाराणसी। ट्रेनों और रेलवे स्टेशनों पर मोबाइल गुम होने के बाद उसे वापस पाने की उम्मीद छोड़ चुके यात्रियों के चेहरे शुक्रवार को उस समय खिल उठे, जब जीआरपी कैंट वाराणसी ने उनके खोए हुए मोबाइल फोन वापस लौटाए। पुलिस ने सर्विलांस की मदद से अलग-अलग समय पर गुम हुए कुल 400 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी अनुमानित कीमत करीब 80 लाख रुपये है। शुक्रवार को थाना परिसर में आयोजित कार्यक्रम में 90 लोगों को उनके मोबाइल सौंपे गए। शेष मोबाइल भी उनके वास्तविक स्वामियों को बुलाकर वितरित किए जा रहे हैं।

यह कार्रवाई पुलिस महानिदेशक रेलवे प्रकाश डी, पुलिस महानिरीक्षक रेलवे जोन प्रयागराज एन. कोलान्ची, पुलिस अधीक्षक रेलवे अनुभाग प्रयागराज प्रशांत वर्मा और पुलिस उपाधीक्षक रेलवे वाराणसी कुँवर प्रभात सिंह के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। अभियान का उद्देश्य रेलवे स्टेशनों, प्लेटफार्मों और सर्कुलेटिंग एरिया में चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के साथ अपराधियों की गिरफ्तारी और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखना है।

जीआरपी कैंट प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर ने बताया कि बिहार, पश्चिम बंगाल, झारखंड, मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों से वाराणसी आने वाले यात्रियों के मोबाइल गुम हो गए थे। पीड़ितों ने जीआरपी में इसकी शिकायत दर्ज कराई थी। सर्विलांस टीम की मदद से लगातार प्रयास कर 400 मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद मोबाइल स्वामियों को फोन और विशेष वाहक के माध्यम से सूचना देकर थाने बुलाया गया।

लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर यात्रियों ने खुशी जाहिर की और जीआरपी वाराणसी की सराहना की। कई लोगों को उम्मीद नहीं थी कि उनका खोया मोबाइल दोबारा मिल पाएगा। प्रभारी निरीक्षक ने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान अपने सामान और मोबाइल की सुरक्षा के प्रति सतर्क रहें। अनजान व्यक्ति से खाने-पीने की कोई वस्तु स्वीकार न करें। विशेष रूप से ट्रेन में चढ़ते और उतरते समय सावधानी बरतें तथा किसी भी आपात स्थिति में तत्काल रेलवे हेल्पलाइन पर सूचना दें।
मोबाइल बरामदगी में प्रभारी निरीक्षक राजोल नागर के साथ ही उपनिरीक्षक सोहनपाल वर्मा, हेड कांस्टेबल सौभाग्य पांडेय, सत्येंद्र बहादुर शाह, कांस्टेबल हरेंद्र कुमार यादव, सोनू सिंह, मिथिलेश, चौकी बनारस के हेड कांस्टेबल विजय शंकर राय और प्रयागराज अनुभाग की सर्विलांस टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

