गंगा घाट से विश्वनाथ गली तक लगे ग्रीन शेड, शहर भर में बढ़ाई गई छांव और पेयजल की व्यवस्था
वाराणसी। लगातार बढ़ते तापमान और तीखी धूप से लोगों को राहत देने के लिए नगर निगम ने विशेष अभियान शुरू किया है। काशी आने वाले श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय नागरिकों को गर्मी से बचाने के उद्देश्य से शहर के प्रमुख स्थानों पर ग्रीन शेड, वाटर कूलर और प्याऊ की व्यवस्था की जा रही है। नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल के निर्देश पर शुरू की गई इस पहल को लोगों द्वारा काफी सराहा जा रहा है।

गंगा स्नान के बाद बाबा काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए जाने वाले श्रद्धालुओं को अब चिलचिलाती धूप का सामना कम करना पड़ेगा। नगर निगम ने दशाश्वमेध घाट से लेकर काशी विश्वनाथ गली के मोड़ तक लगभग 75 मीटर लंबे मार्ग पर विशेष हरे पर्दे (ग्रीन शेड) लगवाए हैं। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन के लिए कतार में खड़े रहने और पैदल चलने के दौरान धूप से राहत मिलेगी।

वाराणसी में प्रतिदिन हजारों की संख्या में देश-विदेश से श्रद्धालु और पर्यटक पहुंचते हैं। गर्मी के मौसम में उन्हें सबसे अधिक परेशानी खुले मार्गों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में होती है। इसे ध्यान में रखते हुए नगर निगम ने धार्मिक स्थलों के आसपास छांव की व्यवस्था को प्राथमिकता दी है।

इसके अलावा शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर भी ग्रीन नेट लगाए जा रहे हैं। मलदहिया, रथयात्रा, तेलियाबाग समेत कई व्यस्त यातायात स्थलों पर बड़े-बड़े हरे पर्दे लगाए गए हैं, ताकि ट्रैफिक सिग्नल पर रुकने वाले दोपहिया वाहन चालकों, रिक्शा चालकों और पैदल राहगीरों को कुछ समय के लिए छांव मिल सके। इससे लोगों को लू और हीट स्ट्रोक जैसी समस्याओं से बचाने में मदद मिलेगी।
नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के अन्य व्यस्त चौराहों और तिराहों को भी जल्द इस योजना में शामिल किया जाएगा। उन्होंने कहा कि नागरिकों और श्रद्धालुओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए गर्मी से बचाव के सभी आवश्यक उपाय किए जा रहे हैं।
पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए नगर निगम ने शहर के विभिन्न क्षेत्रों में 17 स्थानों पर आधुनिक वाटर कूलर स्थापित किए हैं। इसके साथ ही 22 स्थानों पर प्याऊ की व्यवस्था भी की गई है, जहां राहगीरों और आम नागरिकों को निशुल्क ठंडा पेयजल उपलब्ध कराया जा रहा है।
नगर निगम की इस पहल से भीषण गर्मी के बीच शहरवासियों और श्रद्धालुओं को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है। प्रशासन का लक्ष्य है कि वाराणसी आने वाले प्रत्येक व्यक्ति को सुरक्षित, सुविधाजनक और आरामदायक वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।

