फुलवरिया में 30 एकड़ में विकसित होगा ग्रीन कॉरिडोर, शहर को मिलेगा पहला फॉरेस्ट पार्क

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर में तेजी से बढ़ती आबादी और घटते हरित क्षेत्र के बीच फुलवरिया फोरलेन के पास 30 एकड़ में प्रस्तावित फॉरेस्ट पार्क को ‘ग्रीन कॉरिडोर’ के रूप में विकसित करने की दिशा में ठोस पहल शुरू हो गई है। कैंट बोर्ड की चिह्नित खाली जमीन पर नगर निगम इस महत्वाकांक्षी परियोजना को साकार करने की तैयारी कर रहा है। इसके लिए विस्तृत प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेज दिया गया है।

योजना के तहत पार्क में वॉकिंग पाथ, साइक्लिंग ट्रैक, ओपन जिम, बच्चों के लिए प्ले एरिया, बैठने के लिए बेंच, आकर्षक लाइटिंग और बर्ड वॉचिंग जोन जैसी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। डिजाइन ऐसा तैयार किया जा रहा है कि प्राकृतिक हरियाली के साथ जैव विविधता का संरक्षण भी सुनिश्चित हो। पार्क को केवल मनोरंजन स्थल ही नहीं, बल्कि प्रकृति प्रेमियों के लिए सुकून और पर्यावरण जागरूकता का केंद्र बनाया जाएगा।

नगर निगम के आंकड़ों के अनुसार शहर में वर्तमान में 64 पार्क हैं, जिनमें से 24 पार्क स्मार्ट सिटी योजना के तहत विकसित किए जा रहे हैं। बावजूद इसके कई बड़े पार्कों में अब भी मूलभूत सुविधाओं की कमी बनी हुई है। ऐसे में फुलवरिया का यह फॉरेस्ट पार्क एक मॉडल प्रोजेक्ट के रूप में उभर सकता है।

नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल ने बताया कि प्रस्ताव को अंतिम रूप देकर शासन को भेजा गया है। स्वीकृति मिलते ही निर्माण कार्य चरणबद्ध तरीके से शुरू किया जाएगा। प्रयास है कि बरसात से पहले काम प्रारंभ कर दिया जाए, ताकि शहरवासियों को जल्द ही एक नया हरित और पर्यावरणीय पर्यटन स्थल मिल सके।

Share this story