हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बरेका में निकली भव्य तिरंगा यात्रा, राष्ट्रभक्ति का दिखा उत्साह
वाराणसी। ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के तहत बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) में मंगलवार को भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। बरेका के महाप्रबंधक आशुतोष पंत के मार्गदर्शन में बरेका इंटर कॉलेज में आयोजित इस कार्यक्रम में कक्षा छह से 12वीं तक के करीब 800 विद्यार्थियों और विद्यालय के सभी अध्यापकों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
प्राचार्य अशोक कुमार माहेश्वरी के नेतृत्व में प्रातःकालीन सभा के दौरान शुरू हुई तिरंगा यात्रा करीब 400 मीटर लंबी रही। हाथों में राष्ट्रीय ध्वज लेकर विद्यार्थी पूरे उत्साह के साथ विद्यालय परिसर में भ्रमण करते हुए पुनः प्रार्थना स्थल पहुंचे, जहां यात्रा का समापन हुआ।

यात्रा के दौरान विद्यार्थियों ने देशभक्ति से ओतप्रोत नारों के साथ वातावरण को राष्ट्रभक्ति के रंग में रंग दिया। ‘भारत माता की जय’, ‘वंदे मातरम्’ और ‘जय हिंद’ के साथ विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता संग्राम के महानायकों को भी याद किया। ‘मैडम भीखाजी कामा अमर रहें’, ‘महात्मा गांधी अमर रहें’ और ‘सरदार भगत सिंह अमर रहें’ जैसे नारों से पूरा बरेका परिसर गूंज उठा।
तिरंगा यात्रा का संचालन शारीरिक शिक्षा शिक्षक चंद्र मोहन यादव ने किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों के उत्साह और अनुशासन ने सभी का ध्यान आकर्षित किया। आयोजन का उद्देश्य विद्यार्थियों में देशप्रेम, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्रध्वज के प्रति सम्मान की भावना को मजबूत करना रहा।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार, कार्यक्रम को सफल बनाने में सभी शिक्षक-शिक्षिकाओं का महत्वपूर्ण योगदान रहा। तिरंगा यात्रा के माध्यम से विद्यार्थियों ने स्वतंत्रता, राष्ट्र की एकता और देश के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया।

