खेलकूद और सांस्कृतिक प्रतियोगिता में शामिल हुईं राज्यपाल, प्रतिभागियों को किया प्रोत्साहित, बोलीं, जो खेलेगा वो खिलेगा

vns
WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि "जो खेलेगा, वो खिलेगा।" बीमारियों को दूर करना है तो खेल के मैदान में उतरना जरूरी है। व्यायाम से न केवल शरीर स्वस्थ रहता है, बल्कि मानसिक विकास भी बेहतर होता है। उन्होंने मोटापे को नियंत्रित करने के लिए खाद्य तेल के उपयोग में 10% तक कमी लाने और स्कूलों में बॉडी मेजरमेंट इंडेक्स (BMI) को जोड़ने पर विशेष जोर दिया।

vns

राज्यपाल मंगलवार को बड़ालालपुर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर क्रीड़ा संकुल में आयोजित जनपद स्तरीय पीएमश्री वार्षिकोत्सव खेलकूद एवं सांस्कृतिक प्रतियोगिता में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उन्होंने विजयी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालयों में खेल प्रतियोगिताओं के आयोजन से बच्चों का शारीरिक और मानसिक विकास बेहतर होगा।

vns

खेल और फिटनेस के प्रति जागरुकता
राज्यपाल ने कहा कि व्यायाम और खेल से शरीर की मांसपेशियां मजबूत होती हैं और रक्त संचार बेहतर होता है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा मोटापे के प्रति लोगों को जागरूक करने की पहल का समर्थन करते हुए खाद्य तेल का कम से कम उपयोग करने की सलाह दी। उन्होंने बच्चियों के सशक्तिकरण पर जोर देते हुए कहा कि "बच्चियां मजबूत होंगी, तभी वे दबंगों का डटकर मुकाबला कर सकेंगी।" उन्होंने जिलाधिकारी और मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिया कि प्राथमिक शिक्षा में बच्चियों के मेडिकल चेकअप को बढ़ावा देने के लिए अभियान चलाया जाए ताकि उनका समुचित विकास सुनिश्चित हो सके।

vns

खेलों में अनुशासन और टीम वर्क आवश्यक
राज्यपाल ने कहा कि खेलों में अनुशासन और टीम वर्क बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा कि "अगर खेल की दुनिया में आगे बढ़ना है तो अपनी दिनचर्या को उस अनुरूप ढालना होगा।" उन्होंने अपने बचपन को याद करते हुए बताया कि वे भी 100, 200, 400 और 800 मीटर दौड़ में अव्वल रही हैं।

vns

प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों का सम्मान
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने प्रतियोगिता में विजयी प्रतिभागियों को पुरस्कृत भी किया।
•    कंपोजिट विद्यालय पिंडरा ने प्रथम स्थान प्राप्त किया।
•    कंपोजिट विद्यालय सेवापुरी को द्वितीय स्थान मिला।
•    कंपोजिट विद्यालय सारनाथ तृतीय स्थान पर रहा।
•    100 मीटर दौड़ (पुरुष वर्ग) में शुभम पटेल को प्रथम स्थान प्राप्त हुआ।
•    100 मीटर दौड़ (महिला वर्ग) में सील यादव ने प्रथम स्थान हासिल किया।
•    मिशन शक्ति जिला स्तरीय प्रतियोगिता में श्रीमती परमा विश्वास विजेता रहीं।

vns

कार्यक्रम में सदस्य विधान परिषद धर्मेंद्र सिंह, हंसराज विश्वकर्मा ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में विधायक सुनील पटेल, जिलाधिकारी एस. राजलिंगम, सीडीओ हिमांशु नागपाल, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. अरविंद पाठक सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, शिक्षक, कोच और अभिभावक उपस्थित रहे।

vns

vns

Share this story