वाराणसी में राज्यपाल ने महिलाओं से किया संवाद, ग्रीन आर्मी की पहल को सराहा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आराजीलाइन विकासखंड के राजातालाब स्थित असवारी गांव में बुधवार को एक प्रेरक कार्यक्रम का आयोजन हुआ। राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने ग्रीन आर्मी ऑफ वेलफेयर संस्था की महिलाओं से सीधा संवाद किया। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के स्वावलंबन, सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण संरक्षण के प्रयासों को प्रोत्साहित करना था।

123

राज्यपाल ने कार्यक्रम स्थल पर लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन किया और महिलाओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की सराहना की। उन्होंने सिलाई सेंटर का निरीक्षण करते हुए महिलाओं के हुनर और आत्मविश्वास की प्रशंसा की। इस अवसर पर गरीब महिलाओं को आजीविका के लिए ठेले वितरित किए गए, स्कूली बच्चों को साइकिलें प्रदान की गईं तथा ग्रीन आर्मी की महिलाओं के पारिश्रमिक भुगतान के लिए चेक भी वितरित किए गए।

123

राज्यपाल ने महिला सशक्तिकरण से जुड़ी सरकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी और महिलाओं से इन योजनाओं का लाभ उठाने का आह्वान किया। उन्होंने ग्रीन आर्मी द्वारा शराबबंदी और अन्य सामाजिक अभियानों में निभाई गई सक्रिय भूमिका की विशेष रूप से प्रशंसा की। साथ ही महिलाओं को आत्मनिर्भर बनने के लिए स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) गठित करने पर जोर दिया।

होप वेलफेयर ट्रस्ट के सचिव दिव्यांशु उपाध्याय ने बताया कि काशी को प्लास्टिक मुक्त बनाने के उद्देश्य से एक अनूठी पहल की जा रही है। गंगा घाटों पर स्नान के बाद पर्यटकों द्वारा छोड़े गए कपड़ों को एकत्र कर उन्हें धोकर और काटकर ग्रीन आर्मी की महिलाएं आकर्षक बैग तैयार करती हैं। इन बैगों को वाराणसी नगर निगम को उपलब्ध कराया जाता है, जिससे पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ महिलाओं को रोजगार भी मिलता है।

कार्यक्रम का संचालन आशुतोष पांडेय ने किया। इस अवसर पर जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार, मुख्य विकास अधिकारी प्रखर कुमार सिंह, डीडीओ विजय जायसवाल, एसडीएम शांतुन कुमार सिनसिनवार, खंड विकास अधिकारी सुरेंद्र सिंह यादव, एसीपी संजीव शर्मा सहित कई अधिकारी एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Share this story