काशी में गोवर्धन पूजा और भैयादूज की रही धूम, शहर से गांव तक महिलाओं ने विधि-विधान से किया पूजन, फरा, पीठा और खीर से हुआ भाइयों का मुंह मीठा

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। धर्म और लोक परंपराओं की नगरी काशी में गोवर्धन पूजा और भैयादूज का पर्व मंगलवार को श्रद्धा, आस्था और उल्लास के साथ मनाया गया। शहर से लेकर ग्रामीण अंचलों तक सुबह से ही पूजा-अर्चना का सिलसिला शुरू हो गया। महिलाओं और युवतियों ने गाय के गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर विधि-विधान से पूजन किया। इसके बाद पारंपरिक रीति-रिवाज के अनुसार गोधन कूटकर भाइयों की लंबी उम्र, अच्छे स्वास्थ्य और सुख-समृद्धि की कामना की। घरों और पूजा स्थलों पर मंगलगीत गूंजते रहे और पर्व को लेकर उत्साह का माहौल बना रहा।

सुबह स्नान के बाद महिलाएं और युवतियां पूजा स्थलों पर एकत्र हुईं। वहां गोबर से गोवर्धन महाराज की आकृति बनाकर उसे फूल-माला, दीप और पूजन सामग्री से सजाया गया। बहनों ने समूह में मंगलगीत गाते हुए पूजा-अर्चना की। इसके बाद ओखल और मूसल से गोधन कूटने की परंपरा निभाई। कई स्थानों पर महिलाओं ने व्रत रखकर पूजा की और भाइयों की सलामती के लिए प्रार्थना की।

213

गोधन कूटने की परंपरा में छिपा है भाई की रक्षा का भाव
गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर गोधन कूटने की परंपरा का विशेष महत्व है। लोक मान्यता के अनुसार, बहनें प्रतीकात्मक रूप से भाइयों के प्रति कठोर शब्दों का प्रयोग करती हैं और बाद में रेंगनी के कांटे से अपनी जीभ में प्रतीकात्मक चुभन देकर प्रायश्चित करती हैं। इसके बाद भाइयों की लंबी उम्र और संकटों से रक्षा की कामना करती हैं। यह परंपरा भाई-बहन के प्रेम, समर्पण और अटूट रिश्ते का प्रतीक मानी जाती है।

123

पूजन के बाद बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी आरती उतारी और फरा, पीठा, खीर, चना तथा चावल की बजरी सहित पारंपरिक पकवान खिलाए। भाइयों ने भी बहनों को उपहार देकर उनके प्रति स्नेह और सम्मान प्रकट किया। घरों में तरह-तरह के पकवान बनाए गए और परिवार के सदस्यों ने मिलकर पर्व की खुशियां मनाईं।

123

अन्नकूट का भोग लगाकर की गई पूजा-अर्चना
गोवर्धन पूजा के अवसर पर भगवान श्रीकृष्ण और गोवर्धन महाराज के प्रति आभार व्यक्त करने के लिए अन्नकूट की परंपरा भी निभाई गई। घरों और मंदिरों में विभिन्न प्रकार के पकवान, सब्जियां और मिठाइयां तैयार कर भगवान को भोग लगाया गया। इसके बाद प्रसाद का वितरण किया गया। कई स्थानों पर शाम को दीप जलाकर सामूहिक पूजा-अर्चना की गई।

गोवर्धन पर्वत उठाने से जुड़ी है पौराणिक मान्यता
पौराणिक कथा के अनुसार, भगवान श्रीकृष्ण ने इंद्रदेव का अभिमान चूर करने और ब्रजवासियों की रक्षा के लिए गोवर्धन पर्वत को अपनी कनिष्ठ अंगुली पर सात दिनों तक उठाए रखा था। इसके बाद से गोवर्धन पूजा और अन्नकूट महोत्सव मनाने की परंपरा शुरू हुई। वहीं भैयादूज को लेकर मान्यता है कि इस दिन यमराज अपनी बहन यमुना के घर पहुंचे थे। बहन के आतिथ्य से प्रसन्न होकर उन्होंने उसे वरदान दिया था। तभी से बहनें इस दिन भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी दीर्घायु और मंगलमय जीवन की कामना करती हैं।

BK Pathak
BK Pathak

21680 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story