गोलगड्डा में बनेगा आधुनिक ‘काशी डिपो’, लॉज, वेटिंग रूम, शापिंग एरिया समेत तमाम सुविधाएं रहेंगी मौजूद 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। उत्तर प्रदेश में परिवहन सुविधाओं को और बेहतर बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए वाराणसी के गोलगड्डा क्षेत्र में “काशी डिपो” के विकास की योजना तैयार की गई है। यह परियोजना पब्लिक प्राइवेट पार्टनरशिप (पीपीपी) मॉडल के तहत विकसित की जाएगी, जिससे यात्रियों को अत्याधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।

प्रदेश के 49 बस अड्डों को पीपीपी मॉडल पर विकसित करने की योजना बनाई गई है, जिसमें गोलगड्डा का काशी डिपो भी शामिल है। इस योजना के तहत बस अड्डों को आधुनिक स्वरूप दिया जाएगा, जहां यात्रियों के लिए लॉज, वेटिंग रूम, शॉपिंग एरिया, रेस्टोरेंट सहित अन्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी। इससे न केवल यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा, बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने इस योजना की जानकारी देते हुए बताया कि उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (UPSRTC) द्वारा पीपीपी मॉडल के तहत चरणबद्ध तरीके से बस स्टेशनों का विकास किया जा रहा है। इसके पहले चरण में राज्य के विभिन्न प्रमुख बस अड्डों को चयनित किया गया है, जिनमें वाराणसी का गोलगड्डा भी प्रमुख रूप से शामिल है।

उन्होंने बताया कि इस परियोजना के अंतर्गत बलिया का रसड़ा व बेल्थरा रोड, जौनपुर का मछलीशहर व बदलापुर, मिर्जापुर के चुनार, सोनभद्र का राबर्ट्सगंज तथा चंदौली के बस अड्डों को भी विकसित किया जाएगा। इन सभी स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से लैस बस टर्मिनल तैयार किए जाएंगे।

Share this story