अर्धनारीश्वर स्वरूप में दर्शन देंगे गौरी केदारेश्वर महादेव, पहली बार होगा भव्य हरियाली श्रृंगार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। काशी के केदारघाट स्थित प्राचीन गौरी केदारेश्वर महादेव मंदिर में सोमवार, 31 अगस्त को पहली बार भव्य हरियाली श्रृंगार का आयोजन किया जाएगा। इस विशेष अवसर पर बाबा गौरी केदारेश्वर महादेव अर्धनारीश्वर स्वरूप में भक्तों को दर्शन देंगे। आयोजन को लेकर मंदिर परिसर को फूल-पत्तियों और हरियाली से सजाकर प्राकृतिक वातावरण का मनोहारी स्वरूप दिया जाएगा।

मंदिर के महंत एवं पुजारी पंडित राजकुमार पाण्डेय ने बताया कि हरियाली श्रृंगार के लिए विशेष तैयारियां की जा रही हैं। मंदिर परिसर में हरित सज्जा के साथ बाबा का आकर्षक श्रृंगार किया जाएगा। श्रद्धालुओं को दोपहर 12 बजे से बाबा के अर्धनारीश्वर स्वरूप के दर्शन प्राप्त होंगे। उन्होंने बताया कि अर्धनारीश्वर स्वरूप भगवान शिव और माता पार्वती की एकात्मता तथा शिव-शक्ति के अद्वैत भाव का प्रतीक माना जाता है। इस विशेष स्वरूप के माध्यम से श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक रूप से शिव और शक्ति की अभिन्नता का संदेश मिलेगा।

दिनभर चलेगा रुद्राभिषेक
हरियाली श्रृंगार के अवसर पर मंदिर में सुबह से ही धार्मिक अनुष्ठान शुरू हो जाएंगे। दिनभर बाबा गौरी केदारेश्वर का रुद्राभिषेक, वैदिक मंत्रोच्चार और पूजन-अर्चन किया जाएगा। श्रद्धालुओं के लिए विशेष दर्शन एवं पूजन की व्यवस्था भी की गई है।

छप्पन भोग अर्पित होगा
विशेष श्रृंगार के दौरान बाबा को छप्पन प्रकार के व्यंजनों का भोग लगाया जाएगा। विधि-विधान से पूजन के बाद भोग अर्पित किया जाएगा और श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया जाएगा। पहली बार हो रहे इस आयोजन को लेकर मंदिर से जुड़े सेवकों और भक्तों में उत्साह है।

शाम को भजन संध्या
धार्मिक आयोजनों के साथ शाम सात बजे से मंदिर परिसर में भव्य भजन संध्या होगी। इसमें ख्यातिलब्ध कलाकार भगवान शिव और माता पार्वती की महिमा से जुड़े भजनों की प्रस्तुति देंगे। भक्तिमय संगीत और भजनों से केदारघाट का वातावरण देर शाम तक शिवमय रहेगा। मंदिर प्रबंधन के अनुसार हरियाली श्रृंगार के माध्यम से धार्मिक आस्था के साथ प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया जाएगा। सावन के बाद भाद्रपद माह में होने वाले इस विशेष आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।

Share this story