वाराणसी में घर-घर पहुंचेगी गैस पाइपलाइन, जोनल कार्यालयों में विशेष कैंप, एक सप्ताह में कनेक्शन देने का लक्ष्य

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर और आसपास के क्षेत्रों में रसोई गैस की सुविधा को अधिक सुरक्षित और आसान बनाने के लिए घरेलू पाइपलाइन गैस (पीएनजी) योजना को तेजी से लागू किया जा रहा है। इस योजना के तहत अब शहर के साथ-साथ ग्रामीण इलाकों के घरों तक पाइपलाइन के माध्यम से गैस पहुंचाने की दिशा में विशेष अभियान चलाया जा रहा है, ताकि लोगों को सिलेंडर पर निर्भरता से राहत मिल सके और रसोई में सीधे गैस की सुविधा उपलब्ध हो सके।

प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल के निर्देश पर रविवार से नगर निगम के सभी आठ जोनल कार्यालयों में विशेष कैंप लगाए गए हैं। इन कैंपों में नागरिकों को पाइपलाइन गैस कनेक्शन के लिए आवेदन करने और उससे जुड़ी प्रक्रिया पूरी करने की सुविधा दी जा रही है। अभियान के पहले दिन मंत्री ने नदेसर स्थित नगर निगम के जोनल कार्यालय में आयोजित कैंप का निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्था की जानकारी ली।

123

निरीक्षण के दौरान राज्य मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सरकार की मंशा है कि हर घर तक सुरक्षित और सस्ती गैस सुविधा पहुंचे। इसलिए इस योजना को युद्धस्तर पर पूरा किया जाना चाहिए। उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि जिन लोगों के आवेदन प्राप्त हों, उन्हें अधिकतम एक सप्ताह के भीतर उनके रसोईघर तक गैस कनेक्शन उपलब्ध कराया जाए।

अधिकारियों ने बताया कि शहर में गैस आपूर्ति के लिए लगभग 102 किलोमीटर लंबी स्टील की हाई प्रेशर पाइपलाइन बिछाई जा चुकी है, जो मुख्य गैस वितरण प्रणाली का आधार बनेगी। इसके अलावा घरों तक गैस पहुंचाने के लिए करीब 1450 किलोमीटर लंबी प्लास्टिक की लो प्रेशर पाइपलाइन भी बिछाई जा चुकी है, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्रों में पाइपलाइन गैस का नेटवर्क तैयार हो रहा है।

कैंपों में मौजूद अधिकारी और कर्मचारी नागरिकों को योजना से जुड़ी पूरी जानकारी भी दे रहे हैं। लोगों को बताया जा रहा है कि कनेक्शन के लिए किस प्रकार आवेदन करना है, किन दस्तावेजों की आवश्यकता होगी और गैस कनेक्शन प्राप्त करने की प्रक्रिया क्या है। इस पहल को लेकर शहरवासियों में उत्साह भी देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में लोग कैंपों में पहुंचकर आवेदन कर रहे हैं।


मंत्री ने कैंप में पहुंचे लोगों से बातचीत भी की और उन्हें इस सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि पाइपलाइन गैस से लोगों को सुरक्षित, सस्ती और लगातार उपलब्ध रहने वाली रसोई गैस की सुविधा मिलेगी। गेल के अधिकारियों ने बताया कि गैस कनेक्शन और आपूर्ति से संबंधित किसी भी समस्या या जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर 7268071339 और 9454535384 पर संपर्क किया जा सकता है। अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि योजना के तहत अधिक से अधिक घरों तक जल्द ही पाइपलाइन गैस की सुविधा पहुंचाई जाएगी।

Share this story