वाराणसी में अब 25 दिन बाद ही मिलेगा गैस सिलेंडर, कीमतें बढ़ने के बाद वितरक संघ ने लिया निर्णय 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। रसोई गैस की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब वाराणसी में गैस सिलेंडर वितरण व्यवस्था में भी बदलाव किया गया है। एलपीजी वितरक संघ की शनिवार को हुई बैठक में निर्णय लिया गया कि उपभोक्ताओं को अब 25 दिनों के अंतराल के बाद ही दूसरा गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जाएगा। वितरक संघ ने उपभोक्ताओं से धैर्य बनाए रखने की अपील की है। 

बैठक में फील्ड सतीश कुमार, वितरक संघ के अध्यक्ष कुमार अग्रवाल और विक्रेता देवांश मनीष चौबे आदि शामिल रहे। वितरक संघ ने बताया कि वितरण व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया है। इसके तहत उपभोक्ता अपनी अंतिम गैस बुकिंग के 25 दिन बाद ही नए सिलेंडर की बुकिंग कर सकेंगे। संघ ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे नियमों का पालन करें और धैर्य बनाए रखें।

वहीं एलपीजी सिलेंडर के दामों में भी बढ़ोतरी दर्ज की गई है। 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलेंडर का नया मूल्य 976.50 रुपये हो गया है, जो पहले 916.50 रुपये था। यानी इसमें 60 रुपये की वृद्धि की गई है। इसके अलावा 19 किलोग्राम वाले कॉमर्शियल गैस सिलेंडर की कीमत में सबसे अधिक 114.50 रुपये की बढ़ोतरी हुई है। अब यह सिलेंडर 2,065.50 रुपये में मिलेगा, जबकि पहले इसकी कीमत 1,951 रुपये थी।

छोटे 10 किलोग्राम वाले गैस सिलेंडर के दाम में भी 42.50 रुपये की बढ़ोतरी की गई है। अब इसकी कीमत 697 रुपये हो गई है, जबकि पहले यह 654.50 रुपये में मिलता था। एलपीजी वितरक संघ का कहना है कि कीमतों में बढ़ोतरी के बावजूद गैस की आपूर्ति में कोई कमी नहीं आने दी जाएगी और उपभोक्ताओं को निर्धारित नियमों के तहत सिलेंडर उपलब्ध कराए जाएंगे।

Share this story