अप्रैल तक पूरा हो जाएगा गंजारी स्टेडियम का काम, मंडलायुक्त ने किया निरीक्षण

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। गंजारी स्थित प्रस्तावित अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से आगे बढ़ रहा है। लंबे समय से प्रतीक्षित यह परियोजना अब अंतिम चरणों में है और लगभग 75 प्रतिशत निर्माण पूरा हो चुका है। शुक्रवार को मंडलायुक्त एस. राजलिंगम ने स्टेडियम परिसर का निरीक्षण कर प्रगति का आकलन किया। उन्होंने इंजीनियरों से निर्माण की गति, तकनीकी पहलुओं और मौजूदा चुनौतियों के बारे में विस्तृत जानकारी हासिल की।

निरीक्षण के दौरान इंजीनियरों ने बताया कि बारिश के कारण कुछ दिनों तक कार्य प्रभावित रहा था, लेकिन अब सभी रुके हुए कार्यों को पुनः शुरू कर दिया गया है। अनुमान है कि शेष कार्य अप्रैल के मध्य तक पूरी तरह समाप्त हो जाएगा। मंडलायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण से संबंधित किसी भी बाधा का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि निर्धारित समय के भीतर स्टेडियम पूरी तरह तैयार हो सके।

स्टेडियम तक पहुंच को सुविधाजनक बनाने के लिए आसपास के मार्गों के चौड़ीकरण और सुंदरीकरण का कार्य भी तेजी से जारी है। मंडलायुक्त ने हरसोस, सुईचक, गंगापुर और रोहनिया मार्गों पर चल रहे निर्माण की प्रगति की भी समीक्षा की। उन्होंने सड़क कार्य की गुणवत्ता, चौड़ाई और डिजाइन को लेकर अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की।

पीडब्ल्यूडी एक्सईएन आशुतोष कुमार सिंह ने बताया कि सड़क को 7 मीटर चौड़ाई में तैयार किया जा रहा है। दोनों ओर 2-2 मीटर चौड़ी केसी ड्रेन और इंटरलॉकिंग टाइल्स की व्यवस्था की गई है, जिससे मार्ग सुरक्षित और टिकाऊ बनेगा। वहीं, सर्विस रोड के लिए 30 मीटर चौड़ाई में भूमि की आवश्यकता है, लेकिन वीडीए द्वारा वर्तमान में वैकल्पिक पार्किंग स्थल प्रस्तावित किए जाने के चलते फिलहाल इसे दो लेन में ही विकसित करना व्यावहारिक माना जा रहा है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम तैयार होने के बाद वाराणसी खेल पर्यटन का एक बड़ा केंद्र बनकर उभरेगा। यहां अंतरराष्ट्रीय स्तर के मैचों के आयोजन से न केवल स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अवसर मिलेगा बल्कि क्षेत्रीय अर्थव्यवस्था, होटल-पर्यटन और परिवहन सुविधाओं को भी बढ़ावा मिलेगा।

Share this story