वाराणसी में वृद्धि के बाद स्थिर हुआ गंगा का जलस्तर, चेतावनी बिंदु से करीब 9 मीटर नीचे पानी, नाव संचालन पर रोक
वाराणसी। बढ़ोत्तरी के बाद वाराणसी में गंगा का जलस्तर स्थिर हो गया है। शुक्रवार की सुबह जलस्तर 61.93 मीटर रिकॉर्ड किया गया। फिलहाल जलस्तर चेतावनी बिंदु से लगभग 9 मीटर नीचे है। ऐसे में घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन सावधानी जरूरी है। प्रशासन ने गंगा में तेज बहाव और लहरों को देखते हुए नौका संचालन पर रोक लगा दी है।

बुधवार से गंगा के जलस्तर में वृद्धि हो रही थी। गुरुवार को भी एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से पानी बढ़ रहा था। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार शुक्रवार को जलस्तर स्थिर पाया गया। गंगा का जलस्तर 61.93 मीटर रिकॉर्ड किया गया। गंगा के जलस्तर में वृद्धि के चलते घाटों तक पानी पहुंच गया है। वहीं घाट किनारे के मंदिर भी जलमग्न हो गए हैं।

प्रशासन ने गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए गुरुवार से एहतियात के तौर पर नौका संचालन पर रोक लगा दी है। गंगा में तेज बहाव और लहरों के प्रवाह को देखते हुए प्रशासन ने यह निर्णय लिया। एनडीआरएफ और जल पुलिस की टीम जलस्तर की लगातार निगरानी कर रही है। साथ ही स्नानार्थियों को भी गहरे पानी में न जाने के लिए आगाह किया जा रहा है।

