वाराणसी में गंगा के जलस्तर में वृद्धि, एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा पानी, घाटों व तटवर्ती इलाकों में बढ़ी निगरानी 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। वाराणसी में गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। केंद्रीय जल आयोग की ताजा रिपोर्ट के अनुसार गुरुवार सुबह 8 बजे गंगा का जलस्तर 61.84 मीटर दर्ज किया गया। नदी का जलस्तर लगभग एक सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा है, जिससे जिला प्रशासन ने संवेदनशील घाटों और तटवर्ती क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है।

जलस्तर में लगातार हो रही वृद्धि को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। घाटों पर एनडीआरएफ, जल पुलिस तथा स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीमें तैनात कर दी गई हैं। इनका उद्देश्य श्रद्धालुओं, स्थानीय लोगों और नाव से यात्रा करने वाले यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। विशेष रूप से सावन माह में घाटों पर बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है।

123

प्रशासन की ओर से नाविकों को सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्हें निर्धारित क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर न बैठाने, सभी सुरक्षा नियमों का पालन करने और मौसम व जलस्तर की स्थिति को ध्यान में रखते हुए ही संचालन करने की हिदायत दी गई है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले नाविकों और संचालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

123

प्रशासन ने नागरिकों और श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें, सुरक्षा निर्देशों का पालन करें और गंगा किनारे विशेष सावधानी बरतें, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।

Share this story