वाराणसी में 60.90 मीटर पर गंगा का जलस्तर, प्रशासन अलर्ट, नाविकों के लिए सुरक्षा निर्देश जारी
वाराणसी। गंगा का जलस्तर सोमवार की शाम 60.90 मीटर दर्ज किया गया, जबकि सोमवार सुबह यह 60.88 मीटर रिकॉर्ड किया गया था। वाराणसी में गंगा का जलस्तर स्थिर है, लेकिन एनडीआरएफ और जल पुलिस पूरी सतर्कता बरत रही है। प्रशासन ने घाटों पर निगरानी बढ़ा दी है। वहीं नाविकों के लिए भी सुरक्षा निर्देश जारी किए गए हैं। इनका पालन न करने वाले नाविकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सकती है।

गंगा के बढ़ते जलस्तर के मद्देनजर राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) और जल पुलिस ने संयुक्त रूप से घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। नाविकों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि वे बिना सुरक्षा मानकों का पालन किए किसी भी सैलानी को नौका विहार नहीं कराएंगे। विशेष रूप से सभी यात्रियों के लिए लाइफ जैकेट पहनना अनिवार्य किया गया है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी भी दी गई है।

प्रशासन ने नाव संचालकों से कहा है कि बढ़ते जलस्तर और तेज बहाव को देखते हुए अतिरिक्त सतर्कता बरतें तथा क्षमता से अधिक यात्रियों को नाव पर न बैठाएं। घाटों पर लगातार निगरानी रखी जा रही है ताकि किसी भी प्रकार की दुर्घटना से बचा जा सके। वहीं, गंगा किनारे रहने वाले लोगों और श्रद्धालुओं से भी अपील की गई है कि वे भी प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों का पालन करें।



