वाराणसी में उफान पर गंगा, सुबह-ए-बनारस का मंच डूबा, शीतला मंदिर तक पहुंचा पानी
वाराणसी। गंगा के जलस्तर में वृद्धि का क्रम जारी है। बुधवार की सुबह एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से बढ़ोत्तरी हो रही थी। जलस्तर 68.94 मीटर रिकॉर्ड किया गया। जलस्तर बढ़ने से घाट डूब गए हैं। अस्सी पर सुबह-ए-बनारस का मंच डूब गया। वहीं शीतला माता मंदिर तक पानी पहुंच गया है। मणिकर्णिका घाट पर गलियों में और छतों पर शवदाह कराया जा रहा है। गंगा में उफान का असर वरूणा के जलस्तर पर भी पड़ रहा है। गंगा के पलट प्रवाह के चलते वरूणा भी उफान पर हैं। तटवर्ती इलाकों में बाढ़ का पानी घुसने लगा है। संभावित बाढ़ को देखते हुए प्रशासन अलर्ट है।

पर्वतीय इलाकों में बारिश का दौर जारी है। इसका असर गंगा के जलस्तर पर पड़ रहा है। गंगा के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। सोमवार और मंगलवार को काफी तेजी से जलस्तर बढ़ा। वहीं बुधवार की सुबह एक सेंटीमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से वृद्धि होती रही। केंद्रीय जल आयोग की रिपोर्ट के अनुसार गंगा का जलस्तर 68.94 मीटर रिकॉर्ड किया गया।

गंगा अब घाटों की तरफ फैल रही हैं। नमो घाट पर स्टेचू तक पानी पहुंच गया है। वहीं अस्सी, दशाश्वमेध, मणिकर्णिका समेत अन्य घाट डूब गए हैं। जलस्तर बढ़ने से गंगा आरती भी प्रभावित हुई है। कई बार आरती स्थल बदलना पड़ा। दशाश्वमेध घाट पर गंगा सेवा निधि कार्यालय की छत पर सांकेतिक आरती की जा रही है।

गंगा में उफान के चलते एक ओर जहां तटवर्ती इलाके के लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वहीं सैलानियों को भी मायूसी हाथ लग रही है। प्रशासन ने एहतियातन गंगा में नौका और क्रूज संचालन पर रोक लगा दी हैै। इसके चलते सैलानी गंगा में क्रूज पर सवार होकर घाटों को नहीं निहार पा रहे हैं। दिल्ली से आए सैलानी कर्नल गोपीनाथ ने बताया कि गंगा के जलस्तर में वृद्धि के चलते क्रूज कैंसल हो गया। इससे गंगा में नौकायन नहीं कर सके। हालांकि सुरक्षा जरूरी है। हमसभी को प्रशासन और सुरक्षाबलों का सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पानी में डूबे घाट भी बहुत सुंदर दिख रहे हैं।

गंगा के जलस्तर में वृद्धि को देखते हुए जिला प्रशासन अलर्ट है। बाढ़ चौकियों को एक्टिव कर दिया गया है। वहीं राहत शिविरों में भी जरूरी इंतजाम किए गए हैं। जिले के आला अधिकारी हालात पर नजर बनाए हुए हैं। वहीं व्यवस्थाओं की मानीटरिंग कर रहे हैं। लोगों से सावधानी बरतने की अपील की गई है।

