गंगा महोत्सव: गंगा आरती के सम्मान में रुकी दिल्ली से आई कलाकार रिचा गुप्ता की प्रस्तुति, दर्शकों ने किया स्वागत
वाराणसी। काशी के गंगा महोत्सव के दूसरे दिन नई दिल्ली से आईं प्रसिद्ध कलाकार रिचा गुप्ता की प्रस्तुति गंगा आरती के समय रोक दी गई। जय मां गंगा सेवा समिति द्वारा पारंपरिक विधि-विधान से की गई गंगा आरती के लिए रिचा गुप्ता ने स्वयं अपने प्रदर्शन को विराम देने का अनुरोध किया। उन्होंने दर्शकों से गंगा आरती में शामिल होने की अपील की, जिसे दर्शकों ने तालियों के साथ सहर्ष स्वीकार किया।

गौरतलब है कि रिचा गुप्ता नई दिल्ली की प्रतिष्ठित कलाकारों में से एक हैं और उनकी प्रस्तुति का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार था। कार्यक्रम के दूसरे दिन दिन की शुरुआत कत्थक नृत्य से की गई, जिसे सौरभ त्रिपाठी ने प्रस्तुत किया। इसके बाद पूजा बसाक के गायन ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया। मयंक और तनु ने अपनी गायकी से समां बांधा, और अदिति ठाकुर और हरिकाश्री काशी ने मिलकर सुंदर भरतनाट्यम प्रस्तुत किया। इसके अलावा, सनबीम ग्रुप की छात्राओं ने लोक नृत्य का प्रदर्शन कर माहौल को जीवंत बना दिया, वहीं उन्नति डे ने अपने नृत्य से कार्यक्रम को और भी रंगीन बना दिया। सितार वादन में श्रावणी विश्वास की प्रस्तुति ने दर्शकों को भावविभोर कर दिया।

इस अवसर पर विधायक सौरभ श्रीवास्तव, भाजपा महानगर अध्यक्ष विद्यासागर राय, भाजपा उपाध्यक्ष गीता शास्त्री और प्रमोद मिश्रा ने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। नवांकुर कलाकारों को उनके योगदान के लिए पर्यटन विभाग के अधिकारियों ने प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया। महोत्सव का समापन चौथे दिन नमो घाट पर किया जाएगा।

