गंगा महोत्सव : नमो घाट पर सजी सुरों की महफिल, डमरुओं की निनाद और शंख ध्वनि के बीच भजन क्लबिंग ने बांधा समां, सुर और बीट्स के अनूठे संगम पर झूमे दर्शक

WhatsApp Channel Join Now

चार दिन तक गंगा तट पर बहेगी संगीत और संस्कृति की सरिता

डमरू-शंख वादन से हुआ शुभारंभ, आधुनिक धुनों पर गूंजे पारंपरिक भजन

22 नवंबर को कल्पना पटवारी और 23 को पं. शिवनाथ मिश्र व कुमार सत्यम की प्रस्तुतियां

वाराणसी। गंगा की लहरों पर थिरकती रोशनी, आसमान में गूंजते डमरू और शंख के मंगल स्वर, मंच से उठती भक्ति संगीत की धुनें और दर्शक दीर्घा से एक साथ गूंजता 'हर हर महादेव' का उद्घोष। कुछ ऐसा ही नजारा शुक्रवार की शाम नमो घाट पर देखने को मिला, जब काशी गंगा महोत्सव का भव्य आगाज हुआ। भक्ति, संगीत और आधुनिकता के अनूठे संगम ने महोत्सव की पहली शाम को यादगार बना दिया। भजनों की पारंपरिक मिठास जब आधुनिक बीट्स के साथ घुली तो दर्शक तालियां बजाकर झूम उठे। चार दिवसीय महोत्सव में गंगा का तट अब सुरों, साधना और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का साक्षी बनेगा।

20 से 23 नवंबर तक आयोजित इस महोत्सव का शुभारंभ शाम सात बजे डमरू और शंख वादन की मंगलमयी प्रस्तुति के साथ हुआ। गंगा तट पर गूंजती ध्वनियों ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया। उद्घाटन समारोह में महापौर अशोक तिवारी, जिला पंचायत अध्यक्ष, काशी क्षेत्र भाजपा अध्यक्ष और मंडलायुक्त के. विजयेंद्र पांडियन समेत कई जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।

123

भजनों में बीट्स का तड़का, युवाओं को खूब भाया नया अंदाज
महोत्सव की पहली शाम का खास आकर्षण 'काशी भजन क्लबिंग' रही। इसमें भक्ति संगीत को आधुनिक संगीत और इलेक्ट्रॉनिक बीट्स के साथ नए अंदाज में पेश किया गया। भजन गायक राघव और प्राची के साथ 'द बैकस्टेज सिबलिंग्स' की प्रस्तुति ने पारंपरिक भजनों को आधुनिक संगीत की लय से जोड़ दिया। 'एक संध्या सुरों और बीट्स के नाम' थीम पर सजी इस शाम में संगीत, प्रकाश और सुरों का ऐसा मेल देखने को मिला, जिसने खासकर युवा दर्शकों को आकर्षित किया। भक्ति के पारंपरिक स्वरूप को नए संगीत संयोजन में सुनकर दर्शकों ने तालियों से कलाकारों का उत्साह बढ़ाया।


चार दिन, चार रंग और संगीत की अलग-अलग विधाएं
काशी गंगा महोत्सव में हर दिन संगीत और संस्कृति की अलग विधा का रंग देखने को मिलेगा। आयोजन में शास्त्रीय संगीत, लोक गायन, कथक, भजन और ताल वाद्य की प्रस्तुतियों के जरिए काशी की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को मंच पर उतारा जाएगा। देश के जाने-माने कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से गंगा तट को सुरों से सजाएंगे।

123

कल्पना पटवारी के लोकगीतों से सजेगी शाम
21 नवंबर को महोत्सव के दूसरे दिन गायन और कथक की प्रस्तुतियां होंगी। कलाकार अपनी कला के जरिए संगीत और नृत्य की परंपरा को जीवंत करेंगे। वहीं, 22 नवंबर की शाम लोक संगीत के नाम रहेगी। प्रसिद्ध लोक गायिका कल्पना पटवारी भोजपुरी और पारंपरिक लोकगीतों की प्रस्तुति देंगी। उनके गीतों के जरिए भोजपुरी संस्कृति, लोकजीवन और मिट्टी की सुगंध गंगा तट पर बिखरेगी।

पं. शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी, कुमार सत्यम के भजनों से समापन
महोत्सव के अंतिम दिन 23 नवंबर को शास्त्रीय संगीत और भक्ति की विशेष छटा देखने को मिलेगी। पद्मश्री पंडित शिवनाथ मिश्र की ताल वाद्य कचहरी आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी। वहीं, भजन गायक कुमार सत्यम अपनी सुमधुर प्रस्तुतियों से श्रोताओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। उनकी प्रस्तुति के साथ चार दिवसीय काशी गंगा महोत्सव का समापन होगा।

संस्कृति के मंच पर काशी की विरासत, युवाओं को जोड़ने की पहल
काशी गंगा महोत्सव केवल सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आयोजन नहीं, बल्कि काशी की प्राचीन संगीत परंपरा को नई पीढ़ी से जोड़ने का प्रयास भी है। एक ओर डमरू, शंख, शास्त्रीय संगीत और पारंपरिक लोकगीत हैं तो दूसरी ओर आधुनिक संगीत की धुनें। इस संगम के जरिए आयोजकों का उद्देश्य स्थानीय कलाकारों को मंच देने के साथ देशभर में काशी की सांस्कृतिक पहचान को और व्यापक बनाना है। देव दीपावली से पहले गंगा तट पर सजा यह सांस्कृतिक उत्सव काशी की आध्यात्मिकता, परंपरा और आधुनिकता को एक सूत्र में पिरो रहा है।

BK Pathak
BK Pathak

21885 Articles

Beerkeshwar Pathak Journalist Beerkeshwar Pathak, who entered the field of journalism in 2015, has nearly a decade of experience in print and digital media. He holds a postgraduate diploma in journalism and has established his reputation through reporting at prestigious media outlets like Amar Ujala, Hindustan, and Dainik Jagran. He has a special interest and expertise in reporting on political and social issues, news analysis, and editing, along with eventful news. He currently serves as an editor at Live VNS, a leading digital news platform in Varanasi. In this role, he is contributing to reshaping digital journalism and delivering important information to readers through factual and reliable news. Factual investigation of news and effective editing are key aspects of his journalism.

Share this story