श्री काशी विश्वनाथ धाम के गंगा द्वार पर शुरू हुई गंगा आरती, अद्भुत पल का साक्षी बनने पहुंचे हजारों लोग
वाराणसी। चैत्र नवरात्रि और हिंदू नववर्ष के पहले दिन श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के गंगा द्वार पर गंगा आरती का शुभारंभ किया गया। सात अर्चकों ने वैदिक मंत्रोच्चार और डमरुओं के निनाद के बीच मां गंगा का विधिविधान से पूजन कर आरती की। इस अलौकिक पल का साक्षी बनने के लिए हजारों की तादाद में काशीवासी और सैलानी पहुंचे। इस दौरान सुरक्षा के व्यापक इंतजाम रहे।

श्री काशी विश्वनाथ धाम की ओर से गंगा आरती के आयोजन की प्रतिक्षा लंबे समय से थी। ऐसे में हिंदू नववर्ष और नवरात्र के प्रथम पावन दिन शाम साढ़े छह बजे इसकी शुरुआत हुई। आरती के दौरान श्रद्धालुओं ने करतल ध्वनि से “जय मां गंगा” का जयघोष किया। गंगा तट पर उपस्थित जनसमूह ने अत्यंत श्रद्धा एवं आस्था के साथ आरती में सहभागिता कर आध्यात्मिक आनंद का अनुभव किया।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर के मुख्य कार्यपालक अधिकारी विश्वभूषण मिश्रा ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ मंदिर निरंतर नवाचार करने में अग्रणी रहा है। पूरे देश के मंदिरों के लिए उदाहरण पेश किए गए हैं। जहां आरती हो रही है वह बहुत ही रमणीक स्थल है। यह भगवान विश्वनाथ के धाम का गंगा द्वार है। इस घाट का नाम ललिता घाट है। ललिता त्रिपुरसुंदरी का दूसरा नाम है, जो तंत्र और शक्ति आराधना की सर्वोच्च देवी मानी जाती हैं। इस स्थल पर गंगा आरती होनी ही चाहिए। हमसभी का यह संकल्प था, जो शक्ति आराधना के पावन अवसर चैत्र नवरात्र के प्रथम दिवस पूरा हो रहा है।

उन्होंने बताया कि चैत्र नवरात्र और हिंदू नववर्ष का प्रथम दिन इस नवाचार के लिए सबसे उपयुक्त था, इसलिए इस दिन से आरती का शुभारंभ किया गया। उन्होंने बताया कि सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। घाट के साथ ही नावों से गंगा आरती देख रहे लोगों की सुरक्षा के लिए पुलिस तैनात है। उन्होंने लोगों से अपील की कि इसे इवेंट के रूप न लें, यह एक धार्मिक आयोजन है। उन्होंने बताया कि सात अर्चकों से इस आरती की शुरुआत की गई है। इस नवाचार को आगे बढ़ाया जाएगा।

प्रथम दिवस पर ही हजारों की संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे तथा मां गंगा की आरती में अपना विशेष योगदान प्रदान किया। इस आयोजन ने भक्ति, श्रद्धा और सांस्कृतिक परंपरा का अनुपम संगम प्रस्तुत किया। गंगा आरती में राज्य मंत्री रविंद्र जायसवाल, शहर दक्षिणी विधायक व पूर्व मंत्री डॉ. नीलकंठ तिवारी, एमएलसी धर्मेंद्र सिंह, विधायक अवधेश सिंह, मंडलायुक्त महोदय एस राज लिंगम, जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार व अन्य विशिष्टजनों की उपस्थिति रही।
तस्वीरें ...


















