BHU में साइकिल चोरी करने वाले गिरोह का भंडाफोड़, तीन गिरफ्तार, 12 चोरी की साइकिलें बरामद, यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था ताला तोड़ने का तरीका
वाराणसी। काशी हिंदू विश्वविद्यालय (BHU) परिसर में साइकिल चोरी की घटनाओं का लंका थाना पुलिस ने खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से अलग-अलग कंपनियों की चोरी की 12 साइकिलें बरामद की हैं। पूछताछ में आरोपियों ने कथित तौर पर बताया कि उन्होंने साइकिलों के ताले तोड़ने का तरीका यूट्यूब वीडियो देखकर सीखा था। पुलिस के मुताबिक, आरोपी बीएचयू परिसर में साइकिल चोरी करने के बाद उन्हें बेचने के लिए ले जाते थे।

पुलिस के अनुसार, लंका थाने में दर्ज मुकदमा संख्या 0489/2026 की विवेचना के दौरान इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर की सूचना से आरोपियों के बारे में जानकारी मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने 23 सितंबर की रात करीब 11:50 बजे बीएचयू परिसर में अकेला बाबा मंदिर जाने वाले रास्ते के पास घेराबंदी कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सूरज कन्नौजिया पुत्र नागेंद्र कन्नौजिया निवासी रामपुर, फूलपुर, उम्र करीब 20 वर्ष, शिवम कुमार पुत्र स्व. बाबूलाल सरोज निवासी बरजी नटपुर, फूलपुर, उम्र करीब 20 वर्ष और सोहम रंगीले मिश्रा पुत्र रंगीले मिश्रा निवासी रामपुर, फूलपुर, उम्र करीब 19 वर्ष के रूप में हुई है।

यूट्यूब से सीखा ताला तोड़ने का तरीका
पुलिस की पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि उन्होंने साइकिल चोरी और ताले को तोड़ने का तरीका यूट्यूब वीडियो से सीखा था। इसके बाद तीनों साथियों के साथ बीएचयू परिसर में पहुंचते और मौका देखकर साइकिलों के ताले तोड़कर उन्हें चोरी कर लेते थे। पुलिस के अनुसार, आरोपी एक ही गांव के रहने वाले हैं और हाईस्कूल तक पढ़े हैं।
12 साइकिलें बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सनक्रॉस, स्ट्राइडर क्रूगर, एवोन गेमर एपेक्स, टोस्कानो सनक्रॉस, एयरो जेट स्ट्राइडर, ऑर्बिटर स्ट्राइडर, स्ट्राइडर मैगनेट, रैले ई-बाइक, हार्डटेल, हरक्यूलिस, एलिस यूनिकॉस और एवोन कंपनी की साइकिलें बरामद की हैं। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने बीएचयू परिसर से साइकिल चोरी कर उन्हें बेचने के लिए ले जाने की बात स्वीकार की है। पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के दौरान आरोपियों ने भागने का प्रयास किया, लेकिन टीम ने उन्हें पकड़ लिया।
पहले से दर्ज हैं मुकदमे
पुलिस के अनुसार, सूरज कन्नौजिया के खिलाफ तीन, शिवम कुमार के खिलाफ एक और सोहम रंगीले मिश्रा के खिलाफ तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। तीनों के खिलाफ लंका और फूलपुर थानों में मामले दर्ज बताए गए हैं। गिरफ्तारी करने वाली टीम में लंका थाना प्रभारी निरीक्षक राजकुमार शर्मा, बीएचयू चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक सौरभ तिवारी समेत पुलिसकर्मी शामिल रहे।

