गांधी उद्यान पार्क का होगा कायाकल्प, 25 लाख की लागत से शुरू हुआ सौंदर्यीकरण कार्य
वाराणसी। शहर के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों में शामिल टाउनहॉल मैदागिन स्थित गांधी उद्यान पार्क का जल्द ही नया स्वरूप देखने को मिलेगा। सोमवार को प्रदेश के पूर्व मंत्री एवं शहर दक्षिणी के विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी ने लगभग 24.99 लाख रुपये की लागत से होने वाले पार्क के सौंदर्यीकरण कार्य का शिलान्यास किया।
इस अवसर पर उन्होंने बताया कि पार्क को आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित किया जाएगा, जिससे बच्चों, युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों सभी को लाभ मिल सके। सौंदर्यीकरण योजना के तहत पार्क में आकर्षक पाथवे का निर्माण कराया जाएगा। इसके साथ ही बच्चों और बुजुर्गों के उपयोग के लिए ओपन जिम की व्यवस्था की जाएगी तथा आगंतुकों के बैठने के लिए स्थायी बेंच भी लगाई जाएंगी।

शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डॉ. नीलकंठ तिवारी ने कहा कि वाराणसी तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है और शहर के विभिन्न क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि केवल सड़क, भवन और अन्य परियोजनाएं ही नहीं, बल्कि पार्कों और सार्वजनिक स्थलों के विकास पर भी विशेष ध्यान दिया जा रहा है ताकि लोगों को बेहतर वातावरण और स्वास्थ्यवर्धक सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।
उन्होंने कहा कि शहर के कई पार्कों का पहले भी सौंदर्यीकरण किया जा चुका है, जिससे स्थानीय लोगों को सुबह-शाम टहलने, व्यायाम करने और समय बिताने के लिए बेहतर स्थान मिल रहे हैं। गांधी उद्यान पार्क का विकास भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
डॉ. तिवारी ने कार्यदायी संस्था के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए। उन्होंने पाथवे निर्माण में गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने तथा पार्क में लगाए जाने वाले जिम उपकरणों की उच्च गुणवत्ता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। स्थानीय लोगों ने पार्क के सौंदर्यीकरण की योजना का स्वागत करते हुए इसे क्षेत्र के लिए उपयोगी पहल बताया।

