तरना फ्लाईओवर के नीचे विकसित होगा गेमिंग और वेंडिंग जोन, पार्किंग भी बनेगी

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। शहर के तरना क्षेत्र स्थित फ्लाईओवर के नीचे खाली और अनुपयोगी पड़ी जगहों को अब आकर्षक एवं उपयोगी स्वरूप दिया जाएगा। नगर विकास की योजना के तहत फ्लाईओवर के नीचे आधुनिक गेमिंग एवं वेंडिंग जोन विकसित किया जाएगा। इस परियोजना का उद्देश्य शहरी सौंदर्यीकरण के साथ-साथ नागरिकों, विशेषकर युवाओं को मनोरंजन और खेल की आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

प्रस्तावित योजना के अनुसार फ्लाईओवर के नीचे पार्किंग की व्यवस्था भी विकसित की जाएगी, जिससे आसपास के क्षेत्रों में वाहनों की पार्किंग की समस्या कम होगी। इसके अलावा पूरे क्षेत्र को स्मार्ट सिटी थीम के अनुरूप विकसित करते हुए आकर्षक प्रकाश व्यवस्था, बैठने की सुविधाएं और हरित वातावरण तैयार किया जाएगा।

गेमिंग जोन में युवाओं और बच्चों के लिए बैडमिंटन कोर्ट, पिकलबॉल कोर्ट तथा स्केटिंग ट्रैक जैसी आधुनिक आउटडोर खेल सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे स्थानीय युवाओं को सुरक्षित और व्यवस्थित वातावरण में खेल गतिविधियों का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्र में खेल संस्कृति को भी बढ़ावा मिलेगा।

वहीं, वेंडिंग जोन में छोटे व्यापारियों और रेहड़ी-पटरी विक्रेताओं के लिए निर्धारित स्थान उपलब्ध कराए जाएंगे। यहां फूड स्ट्रीट के साथ-साथ चाट, स्ट्रीट फूड और अन्य खाद्य सामग्री के लिए सुव्यवस्थित स्टॉल बनाए जाएंगे। इससे एक ओर जहां स्थानीय कारोबारियों को रोजगार के बेहतर अवसर मिलेंगे, वहीं दूसरी ओर शहरवासियों और पर्यटकों को भी स्वच्छ एवं व्यवस्थित वातावरण में खानपान की सुविधा उपलब्ध होगी।

Share this story