ईंधन की महंगाई की मार, विमान कंपनियां बंद कर रहीं उड़ानें, वाराणसी से स्पाइसजेट की सभी उड़ानें 25 जून से बंद
वाराणसी। बाबतपुर स्थित लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे से संचालित स्पाइसजेट की सभी यात्री उड़ानें 25 जून से पूरी तरह बंद हो जाएंगी। एयरलाइन द्वारा परिचालन लागत में वृद्धि और विमानों की कमी को इसका प्रमुख कारण बताया गया है। इस निर्णय से वाराणसी से यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को असुविधा का सामना करना पड़ सकता है।
स्पाइसजेट ने वाराणसी से अपनी सभी 12 नियमित उड़ानों का संचालन बंद करने का फैसला किया है। वर्तमान में एयरलाइन मुंबई अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट सेक्टर पर सेवाएं दे रही थी। इसके अलावा दिल्ली, पुणे और अन्य प्रमुख शहरों के लिए भी उड़ानों का संचालन किया जाता था। लगातार बढ़ती लागत और परिचालन संबंधी चुनौतियों के कारण कंपनी ने एक-एक कर अपनी सेवाओं को समेटना शुरू कर दिया है।
एयरलाइंस के इस फैसले का असर केवल स्पाइसजेट तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि वाराणसी से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों पर भी पड़ेगा। विशेषज्ञों का मानना है कि उड़ानों की संख्या कम होने से अन्य एयरलाइंस पर यात्रियों का दबाव बढ़ेगा, जिससे हवाई किराए में वृद्धि होने की संभावना है। साथ ही टिकटों की उपलब्धता भी प्रभावित हो सकती है। बताया जा रहा है कि स्पाइसजेट पहले ही दिल्ली और पुणे के लिए अपनी कुछ सेवाएं बंद कर चुकी है। वहीं अकासा एयर भी आगामी महीने से वाराणसी के लिए अपनी तीन उड़ानों का संचालन बंद करने जा रही है। ऐसे में शहर से विभिन्न गंतव्यों के लिए उपलब्ध हवाई सेवाओं में और कमी आएगी।

