श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर में निःशुल्क कौशल प्रशिक्षण केंद्र का शुभारंभ, महिलाओं को सिलाई, कढ़ाई व कंप्यूटर की मिलेगी ट्रेनिंग
वाराणसी। महिलाओं और युवतियों को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में श्री अन्नपूर्णा मठ मंदिर काशी अन्नपूर्णा अन्नक्षेत्र ट्रस्ट ने एक नई पहल की है। ट्रस्ट की ओर से संचालित निःशुल्क सिलाई, कढ़ाई एवं कंप्यूटर प्रशिक्षण केंद्र का गुरुवार को विधिवत शुभारंभ किया गया। उद्घाटन समारोह महंत शंकर पुरी के सानिध्य में आयोजित हुआ, जबकि शहर दक्षिणी के विधायक नीलकंठ तिवारी ने दीप प्रज्ज्वलित कर एवं फीता काटकर प्रशिक्षण केंद्र का उद्घाटन किया।
इस अवसर पर महंत शंकर पुरी ने कहा कि ट्रस्ट का उद्देश्य जरूरतमंद महिलाओं और युवतियों को रोजगारपरक प्रशिक्षण उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है। उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण केंद्र में सिलाई, कढ़ाई और कंप्यूटर का प्रशिक्षण पूरी तरह निःशुल्क दिया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक महिलाएं इसका लाभ उठा सकें।

महंत ने कहा कि आज के समय में कौशल आधारित शिक्षा आत्मनिर्भरता का सबसे प्रभावी माध्यम है। प्रशिक्षण पूरा करने के बाद महिलाएं स्वरोजगार शुरू करने के साथ-साथ विभिन्न संस्थानों में रोजगार के अवसर भी प्राप्त कर सकेंगी। उन्होंने विश्वास जताया कि यह केंद्र महिलाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का माध्यम बनेगा।
मुख्य अतिथि विधायक नीलकंठ तिवारी ने ट्रस्ट की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि समाज के कमजोर और जरूरतमंद वर्ग को कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराना समय की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रशिक्षण केंद्र महिलाओं के सशक्तिकरण, आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य और कौशल विकास अभियान को मजबूती प्रदान करते हैं। उन्होंने ट्रस्ट को इस सामाजिक पहल के लिए शुभकामनाएं भी दीं। उद्घाटन समारोह में प्रेम नारायण मीना, जनार्दन शर्मा, प्रदीप श्रीवास्तव, धीरेन्द्र सिंह सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, स्थानीय नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता और गणमान्य लोग मौजूद रहे।

