वाराणसी में अलग-अलग हादसों में चार की मौत, मचा कोहराम
वाराणसी। रविवार की रात जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों में हुए सड़क हादसों ने चार परिवारों की खुशियां छीन लीं। सिंधोरा और रोहनिया क्षेत्र में हुई तीन अलग-अलग दुर्घटनाओं में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसों की खबर मिलते ही मृतकों के परिवारों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पेड़ से टकराई तेज रफ्तार बाइक, दो युवकों की मौत
सिंधोरा थाना क्षेत्र के मरुई में श्रीराम इंटरप्राइजेज के सामने रविवार रात करीब साढ़े आठ बजे तेज रफ्तार बाइक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पीपल के पेड़ से टकरा गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टीवीएस स्टार स्पोर्ट्स बाइक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में मेघियां गांव निवासी साजन जैसवार (28) और विवेक जैसवार (30) की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि अरविंद उर्फ संतु जैसवार (32) गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका ट्रामा सेंटर में उपचार चल रहा है। तीनों युवक सेंटरिंग का काम करते थे और बहन प्रीति जैसवार के घर सरायशेख लार्ड से लौट रहे थे।
बाइक की टक्कर से मजदूर की मौत, चालक फरार
रोहनिया थाना क्षेत्र के बीकापुर सर्विस रोड पर रविवार रात तेज रफ्तार बाइक ने पैदल जा रहे मजदूर को टक्कर मार दी। हादसे में बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना क्षेत्र स्थित पुरैनिया गांव निवासी सुनील साहनी (25) की मौके पर ही मौत हो गई। वह जगतपुर में रहकर मजदूरी करते थे। घटना के बाद बाइक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। सुनील तीन भाइयों में सबसे छोटे थे। उनकी मौत से पत्नी नीलू देवी, पिता बैजू साहनी और मां का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस बाइक नंबर के आधार पर चालक की तलाश कर रही है।
अज्ञात वाहन ने राहगीर को कुचला
रोहनिया के शहावाबाद इलाके में भी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से सड़क पार कर रहे एक व्यक्ति की मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लिया। प्रारंभिक जांच में मृतक मानसिक रूप से अस्वस्थ प्रतीत हो रहा था। उसकी शिनाख्त कराने का प्रयास किया जा रहा है। प्रभारी निरीक्षक राजू सिंह ने बताया कि सभी मामलों में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसों की जांच कर संबंधित वाहनों और चालकों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।

