मिर्जामुराद में दर्शनार्थियों से भरी कार ट्रक से टकराई, चार घायल, मची चीखपुकार

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के हरपुर गांव स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज पर बुधवार को एक तेज रफ्तार कार और ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में कार सवार चार लोग घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया।

गाजीपुर जिले के सैदपुर निवासी अजीत यादव अपने तीन साथियों के साथ कार से प्रयागराज से दर्शन कर वापस बलिया जा रहे थे। जैसे ही उनकी कार हरपुर स्थित रिंग रोड ओवरब्रिज पर पहुंची, उन्होंने आगे चल रहे ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। इसी दौरान कार ट्रक से टकरा गई।

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में अजीत यादव, अनिल, अखिलेश समेत कुल चार लोग घायल हो गए। दुर्घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत कार्य शुरू किया और घायलों को कार से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को उपचार के लिए वाराणसी के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहन को अपने कब्जे में ले लिया है और घटना की जांच में जुट गई।

Share this story