दशाश्वमेध घाट की विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल हुए पूर्व क्रिकेटर ईशांत शर्मा, मां गंगा का पूजन कर लिया आशीर्वाद, एक झलक पाने को उमड़े फैंस 

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। आध्यात्मिक नगरी काशी में शुक्रवार की शाम उस समय विशेष बन गई जब भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व तेज गेंदबाज ईशांत शर्मा विश्व प्रसिद्ध गंगा आरती में शामिल होने के लिए दशाश्वमेध घाट पहुंचे। उन्होंने मां गंगा की भव्य आरती में सहभागिता करते हुए वैदिक परंपराओं के अनुसार पूजन-अर्चन किया और घाट के आध्यात्मिक वातावरण का अनुभव किया।

दशाश्वमेध घाट पर प्रतिदिन आयोजित होने वाली गंगा आरती देश-विदेश के श्रद्धालुओं और पर्यटकों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र है। गंगा सेवा निधि द्वारा आयोजित इस भव्य आयोजन में शामिल होकर ईशांत शर्मा ने मां गंगा के प्रति अपनी श्रद्धा व्यक्त की। बताया गया कि इससे पहले भी वह दो बार गंगा आरती में शामिल हो चुके हैं और काशी की आध्यात्मिक परंपराओं से उनका विशेष जुड़ाव रहा है।

123

आरती के दौरान गंगा सेवा निधि के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। संस्था के अध्यक्ष सुशांत मिश्रा, सचिव सुरजीत कुमार सिंह तथा सचिव हनुमान यादव ने उन्हें अंगवस्त्र, प्रसाद और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। इस अवसर पर संस्था के सदस्यों ने काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं की जानकारी भी साझा की।

गंगा आरती के उपरांत ईशांत शर्मा ने गंगा सेवा निधि के विजिटर बुक में अपने अनुभव दर्ज किए। उन्होंने लिखा कि मां गंगा की आरती और उनके आशीर्वाद से उन्हें दिव्यता एवं आध्यात्मिक शांति का अनुभव हुआ। साथ ही उन्होंने आयोजन से जुड़े सभी लोगों के प्रति आभार भी व्यक्त किया।

करीब एक घंटे तक घाट पर मौजूद रहे ईशांत शर्मा को देखने और उनके साथ तस्वीरें लेने के लिए श्रद्धालुओं एवं क्रिकेट प्रेमियों में विशेष उत्साह देखने को मिला। कई लोगों ने उनके साथ सेल्फी ली और बातचीत करने का प्रयास किया। उनकी उपस्थिति से घाट का माहौल और अधिक उत्साहपूर्ण हो गया।

Share this story