वाराणसी में पांच दिन से भटक रहा विदेशी पर्यटक, हरहुआ में बच्चा चोर समझकर घेरा; पुलिस की कार्रवाई पर उठे सवाल

WhatsApp Channel Join Now

वाराणसी। पिछले पांच दिनों से एक विदेशी पर्यटक वाराणसी के अलग-अलग इलाकों में भटकता नजर आ रहा है। मंगलवार को वह बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ पहुंचा, जहां उसके संदिग्ध व्यवहार के चलते लोगों ने उसे बच्चा चोर समझकर घेर लिया। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे हरहुआ पुलिस चौकी ले गई। हालांकि, स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई करने के बजाय उसे दोबारा दूसरी जगह भेज दिया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं।

a

हरहुआ में दुकानदारों से उलझा, जुट गई भीड़
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मंगलवार दोपहर विदेशी पर्यटक हरहुआ पहुंचा और दुकानों व ठेलों से खाने-पीने का सामान उठाने लगा। जब दुकानदारों ने उसे रोका तो वह उनसे उलझ गया। इसके बाद वह हरहुआ तालाब के पास पहुंचा, जहां उसके व्यवहार को देखकर कुछ लोगों ने उसे बच्चा चोर होने की आशंका जताई। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जमा हो गई।

पुलिस चौकी में बताया- सामान चोरी हो गया है
सूचना मिलने पर पुलिस विदेशी पर्यटक को हरहुआ पुलिस चौकी लेकर गई। वहां उसने पुलिस को बताया कि उसका सामान चोरी हो गया है और इसी कारण वह अपने देश वापस नहीं लौट पा रहा है। पुलिस उससे पूछताछ करती रही, जबकि वह लगातार मदद की गुहार लगाता रहा।

तीन घंटे चौकी में बैठा रहा, फिर ऑटो से भेजने का आरोप
स्थानीय लोगों के अनुसार, विदेशी पर्यटक करीब तीन घंटे तक हरहुआ पुलिस चौकी में मौजूद रहा। इस दौरान कभी वह टेबल पर लेट जाता तो कभी कुर्सी पर बैठकर पुलिस से सहायता मांगता दिखाई दिया। लोगों का आरोप है कि पुलिस ने न तो उसके दूतावास से संपर्क करने की कोशिश की और न ही मामले की जानकारी किसी वरिष्ठ अधिकारी को दी। आरोप है कि बाद में उसे एक ऑटो में बैठाकर दूसरी जगह भेज दिया गया।

सोमवार को एयरपोर्ट पर भी किया था हंगामा
स्थानीय लोगों का दावा है कि सोमवार को यही विदेशी पर्यटक वाराणसी एयरपोर्ट पर भी देखा गया था, जहां उसने हंगामा किया था। इसके बाद उसे बाबतपुर पुलिस चौकी ले जाया गया। आरोप है कि वहां भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई और बाद में उसे ऑटो से शहर की ओर भेज दिया गया। माना जा रहा है कि ऑटो चालक उसे हरहुआ क्षेत्र में छोड़ गया, जहां मंगलवार को फिर पूरा घटनाक्रम सामने आया।

a

17 जुलाई को सप्तसागर दवा मंडी में भी मचा चुका है उत्पात
इससे पहले 17 जुलाई को मैदागिन स्थित सप्तसागर दवा मंडी में भी यही विदेशी पर्यटक हंगामा कर चुका था। उस समय पुलिस ने उसे इटली का नागरिक बताया था। आरोप था कि वह कथित तौर पर नशे की हालत में मंडी और आसपास के घरों में घुसकर लोगों को परेशान कर रहा था। पुलिस उसे अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई की बात कह रही थी, लेकिन इसके बावजूद वह लगातार शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमता नजर आ रहा है।

लोगों ने उठाए कई सवाल
लगातार सामने आ रही घटनाओं के बाद स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि विदेशी पर्यटक 17 जुलाई को ही पुलिस के कब्जे में आ चुका था तो उसके मामले का स्थायी समाधान क्यों नहीं निकाला गया। यदि उसका सामान चोरी हो गया है और वह अपने देश नहीं लौट पा रहा है, तो संबंधित एजेंसियों और उसके दूतावास से संपर्क कर उसकी मदद क्यों नहीं कराई गई।

क्या बोले थाना प्रभारी
बड़ागांव थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि विदेशी हरहुआ में मिला था और वह जगह-जगह हंगामा कर रहा है। 

Share this story